मिर्जापुर। उत्तर प्रदेश सरकार की ऑनलाइन शिकायत प्रणाली जनसुनवाई पोर्टल (आईजीआरएस) से प्राप्त शिकायतों को समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने में जून माह की जारी की गई रैकिंग में मिर्जापुर जनपद को प्रदेश में प्रथम रैंक प्राप्त हुई है। मिर्जापुर पुलिस के जनसुनवाई पोर्टल पर प्राप्त संदर्भों का जब मुख्यमंत्री कार्यालय से मूल्यांकन किया गया तो उत्तर प्रदेश के सभी जनपदों की अपेक्षा मिर्जापुर सर्वोत्तम रहा।
पुलिस अधीक्षक डा. धर्मवीर सिंह द्वारा स्वयं जनसुनवाई पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों को त्वरित व समयबद्ध निस्तारण के लिए जिले के समस्त अधिकारी व थाना प्रभारियों को हमेशा निर्देशित किया गया था। जनसुनवाई पोर्टल कार्यों की खुद मानीटरिंग कर रहे थे। जनसुनवाई पोर्टल से प्राप्त शिकायतों को पुलिस कार्यालय में गठित आईजीआरएस सेल द्वारा संबंधित थानों पर ऑनलाइन प्रेषित की जाती है। थाना प्रभारी द्वारा प्राप्त संदर्भों की जांच आख्या ऑनलाइन दिए गए समय के अनुसार संबंधित को प्रेषित की जाती थी। शिकायतकर्ता पुलिस की कार्रवाई से संतुष्ट हैं कि नहीं, इसका फीडबैक भी पुलिस कार्यालय के आईजीआरएस सेल में नियुक्त महिला आरक्षियों चंद्रकला प्रजापति व प्रियंका गोंड द्वारा लिया जाता रहा। इससे की गई जांच गुणवत्ता का पता चल जाता है। जून महीने में कुल 694 मामले आए। सभी का निस्तारण समयबद्ध तरीके से किया गया।
इसमें मुख्यमंत्री संदर्भ में चार मामले, ऑनलाइन संदर्भ में 14, जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक संदर्भ में 645, पीजी संदर्भ में 23, शासन संदर्भ में एक, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन संदर्भ में सात मामले प्राप्त हुए थे। प्रदेश में प्रथम स्थान लाने में आईजीआरएस सेल के प्रभारी निरीक्षक साजिद सिद्दीकी, कंप्यूटर ऑपरेटर विकास कुमार, कांस्टेबल रोहन यादव, अरविंद कुमार, सौरभ कुमार, महिला कांस्टेबल प्रियंका गोंड, चंद्रकला प्रजापति की भूमिका रही। इससे पहले आठ बार आईजीआरएस निस्तारण में मिर्जापुर जनपद प्रथम स्थान पर रहा है। इसमें वर्ष 2018 में पांच और 2019 में तीन बार प्रथम स्थान पर रही।