मिर्जापुर। बरियाघाट स्थित बीएसए कार्यालय परिसर में मंगलवार को विद्यालयों की पेयरिंग और मर्जर के विरोध में शिक्षकों ने प्रदर्शन किया। वक्ताओं ने कहा कि मर्जर सरकार की अदूरदर्शी नीति का परिचायक है।
शिक्षक संघ के प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर शिक्षकों ने प्रदर्शन किया। माध्यमिक शिक्षक संघ (ओमप्रकाश शर्मा) गुट के अध्यक्ष केदारनाथ द्विवेदी और मंत्री सत्यभूषण सिंह ने धरना स्थल पर पहुंच कर सभी मांगों को समर्थन दिया।
जिलाध्यक्ष अनिल कुमार सिंह ने कहा कि शासन के नीति निर्धारक ऐसे अव्यवहारिक निर्णय ले रहे हैं, इससे शिक्षा और शिक्षकों का ही नुकसान हो रहा है।
यदि हमें अपने भविष्य बचाने के साथ ही आने वाली पीढ़ी का भविष्य बचाना है तो स्कूलों के विलय का विरोध करना पड़ेगा। जिला मंत्री विजय शंकर त्रिपाठी ने कहा कि मर्जर से आने वाली पीढ़ी के लिए अवसरों पर ताला लग जाएगा।
प्रदेश अध्यक्ष सुभाष तिवारी ने कहा कि मर्जर से हजारों बच्चों के हाथों से किताबें और पेंसिल छिन जाएंगी। धरना स्थल पर शान मोहम्मद, मनोज राय, संतोष सिंह, संजय सिंह, सत्यवदा सिंह, अशोक मौर्य, ओमप्रकाश सिंह आदि शिक्षक उपस्थित रहे।