मिर्जापुर। विंध्य कॉरिडोर निर्माण कार्य शिलान्यास के दौरान मुख्यमंत्री ने नगर के पिपराडाड़ में बन रहे मेडिकल कालेज का नाम मां विंध्यवासिनी के नाम रखने का जो इशारा किया, बृहस्पतिवार को वह पूरा हो गया। मेडिकल कालेज का नाम मां विंध्यवासिनी स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय रखा गया है। इस संबंध में शासन से पत्र भी जिला प्रशासन को मिल गया है।
मेडिकल कालेज के मान्यता की जांच के लिए एनएमसी की टीम दो दिनों से जिले में है। जांच में उसे व्यवस्थाएं बेहतर मिलीं। मेडिकल कालेज में इस वर्ष से शिक्षण कार्य शुरू होने से पहले मान्यता की प्रक्रिया पूरी करने के लिए बुधवार को आई नेशनल मेडिकल काउंसिल (एनएमसी) की टीम ने दूसरे दिन बृहस्पतिवार को भी जांच की। टीम ने मेडिकल कालेज और मंडलीय अस्पताल के संबंधित दस्तावेजों को देखकर और डाटाबेस की जानकारी ली। बुधवार को टीम ने निर्माणाधीन मेडिकल कालेज के साथ मंडलीय अस्पताल, महिला अस्पताल, ब्लड बैंक, एनसीएच विंग आदि का निरीक्षण किया। बृहस्पतिवार मेडिकल कालेज के प्रभारी और प्रयागराज मेडिकल कालज के प्राचार्य डॉ. एसपी सिंह, एसआईसी डॉ. ओलाक, अस्पताल के मैनेजर अनुज ठाकुर के साथ अस्पताल के डाटाबेस संबंधी जानकारी लिया और अन्य दस्तावेजों को देखा।