हलिया। हथेड़ा गांव में मंगलवार को सुबह विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मौके पर पहुंचे विवाहिता के मायके वालों ने पुलिस को सूचना देकर हत्या का आरोप लगाया। मौके पर पहुंची पुलिस ने विवाहिता के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
हथेड़ा गांव निवासी राजा उर्फ राज मोहम्मद की 25 वर्षीय पत्नी साबिया उर्फ साहिमुन की सोमवार को सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना पर मौके पर पहुंचे विवाहिता के मायके वालों ने हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंचे थानाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह ने विवाहिता के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मायके वालों ने विवाहिता की हत्या किए जाने की आशंका जताई। उनका कहना था कि साबिया की शादी लगभग पांच माह पहले हुई थी। मायका लालगंज थाने के बामी गांव में है। ससुराल पक्ष का कहना है कि फंदे से लटकने से मौत हुई है। थानाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह ने बताया कि विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने पर पिता की सूचना पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।