जमालपुर। मठना गांव में शनिवार की सुबह विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। जानकारी होने पर उसके मायके वालों ने हंगामा करते हुए शव का अंतिम संस्कार नहीं करने दिया। ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाया। हालांकि ससुराल वालों ने मायके वालों को भरोसा दिलाया कि मौत बीमारी से हुई है। इसके बाद अंतिम संस्कार किया गया।
शिवकुमार पटेल की शादी बारह वर्ष पूर्व चुनार कोतवाली क्षेत्र के जगरन्नाथपुर गांव निवासी दशरथ पटेल की पुत्री पूनम देवी के साथ हुई थी। पूनम के ससुराल वालों के अनुसार करीब तीन माह से वह बुखार से पीड़ित चल रही थी। पूनम के मौसा शुक्रवार को मठना आए हुए थे और रात में ठहर गए। शनिवार की सुबह उसने मौसा सहित पति और परिजनों को चाय भी पिलाई। इसके बाद सीने में दर्द होने की बात बताई। कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई। जानकारी होने पर मौके पर पुलिस पहुंच गई, लेकिन तब तक अंतिम संस्कार के लिए परिजन शव को लेकर जा चुके थे।