चुनार विषाक्त के सेवन से मृतक आंशी सिंह की फाइल फोटो, स्रोत परिवार
- फोटो : सांकेतिक
चुनार थाना क्षेत्र के पचेवरा गांव में शुक्रवार की देर रात जहर खाने से विवाहिता की मौत हो गई। जानकारी मिलने पर पहुंचे मायके पक्ष के लोगों ने ससुराल वालों पर दहेज प्रताड़ना का आरोप लगाया।
देर रात तक गांव में तनाव की स्थिति बनी रही। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की। मायके वालों की तहरीर पर पति समेत चार पर दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया।
क्षेत्र के मगरहा गांव निवासी शिवेन्द्र कुमार उर्फ काबुल सिंह की ने अपनी पुत्री आंशी (23) का विवाह 20 अप्रैल 2025 को पचेवरा गांव निवासी अजित सिंह पुत्र पारसनाथ सिंह के साथ किया था।
आंशी की शुक्रवार की रात जहर खाने से मौत हो गई। मृतका के पिता शिवेंद्र कुमार सिंह ने पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया है कि ससुरालियों की प्रताड़ना से पीड़ित होकर पुत्री ने शुक्रवार की रात द्वारा कोई जहरीला पदार्थ खा लिया।
उसे कैलहट स्थित एक निजी चिकित्सालय में इलाज ले जाया गया। जहां उसकी मौत हो गई। शिवेंद्र सिंह की तहरीर पर पुलिस ने पति अजित सिंह, ननद सान्या उर्फ रेनू, ससुर पारसनाथ सिंह व सास आशा देवी पर दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया।
पुलिस पति को गिरफ्तार कर पूछताछ और जांच पड़ताल में जुट गई है। कोतवाल विजय शंकर सिंह ने बताया कि मृतका के पिता की तहरीर पर पति सहित चार के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है।
पति को गिरफ्तार कर मामले की जांच पड़ताल की जा रही है। शनिवार को आंशी का पोस्टमार्टम दो डॉक्टर के पैनल में किया गया।