प्रेमी ने गुरुवार की रात को लड़की के पिता को फोन कर जान से मारने की धमकी दी। डर कर परिवार के लोग घर में ताला बंद कर वाराणसी चले गए। रात 11 बजे प्रेमिका से मिलने प्रेमी उसके घर पहुंचा। परिजनों के न मिलने पर वह ताला तोड़कर घर में घुस गया और अपने को अंदर बंद कर प्रेमिका के परिजनों को फोन किया। इस पर लड़की के परिजनों ने पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर अदलहाट पुलिस रात दो बजे मौके पर पहुंची। वह लड़की से मिलने की जिद करने लगा। न मिलने पर आग लगाकर जान देने की धमकी दी। थानाध्यक्ष अदलहाट विजय चौरसिया के मनाने पर वह नहीं मना। जिसके बाद अन्य थाने की फोर्स, फायर ब्रिगेड के साथ एसडीएम चुनार नवनीत सेहारा, क्षेत्राधिकारी चुनार उमाशंकर सिंह मौके पर पहुंचे। रात भर प्रशासन के लोग समझाते रहे पर वह प्रेमिका से मिलने की जिद पर अड़ा रहा। सुबह करीब 10 बजे उसने कमरे के गैस सिलिंडर को खोलकर खुद पर केरोसीन डालकर कमरे में आग लगा दी। स्वयं दूसरे कमरे में चला गया।
तत्परता दिखाते हुए पुलिस और फायर ब्रिगेड के जवानों ने दरवाजा तोड़कर आग पर काबू पाया। युवक को सुरक्षित बाहर निकाला। आग बुझाने के दौरान कुछ पुलिसकर्मियों को हल्की चोट लगी। आग से घर में कंबल, बिस्तर, सोफा आदि सामान जल गया। पुलिस ने आरोपी दीपक पांडेय निवासी शास्त्री नगर चंदौली को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। थानाध्यक्ष विजय चौरसिया ने बताया कि प्रेम संबंध का मामला है। प्रेमिका की शादी कहीं और तय होने पर उसने मानसिक संतुलन खो दिया। प्रेमिका के घर पहुंचे प्रेमी ने आग लगाकर जान देने का प्रयास किया। जिसे बचाकर मुकदमा दर्ज कर जेल भेजा गया।
ये भी पढ़ें: आकांक्षा दुबे के साथ लिव इन रिलेशन से रिश्तों में दूरी तक...समर सिंह से पुलिस ने पूछे ये 25 सवाल
चंदौली जिला निवासी प्रेमी का फिल्मी तरीके से प्रेमिका के घर बवाल करने पर पुलिस की सूचना पर शुक्रवार की सुबह उसकी मां, भाई, पत्नी व पुत्र भी पहुंचे। मां ने बताया कि दीपक गुरुवार शाम को कार लेकर घर से निकला था। पूछने पर बताया कि जल्द घर आ जाऊंगा। पत्नी सरिता पांडेय ने बताया कि उसके पति का संबंध लड़की से 2018 से था। जिसकी जानकारी उसे व लड़की के परिजनों को भी थी। उसके पति लड़की के घर आते जाते रहते थे। उसके मना करने के बाद भी नहीं माने।
लड़की के पिता ने बताया कि गुरुवार को फोन कर परिवार को जान से मारने की धमकी दी। जिससे हम डर कर अपने घर का ताला बंद कर पत्नी, पुत्री और पुत्र को लेकर वाराणसी अपने आवास पर चले गए थे। रात में 11 बजे घर में ताला तोड़कर घुसने की सूचना दी तो पुलिस को जानकारी दी। शुक्रवार सुबह पुलिस के बुलाने पर परिवार सहित आए।