मिर्जापुर। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के चुनाव के लिए जारी अधिसूचना के अनुसार 21 मार्च को नामांकन का आखिरी दिन होगा। इसके चलते 21 मार्च को कलेक्ट्रेट परिसर में काफी गहमा-गहमी हो सकती है। अब तक महज एक निर्दल प्रत्याशी प्रेमचंद्र ने नामांकन किया है जबकि पांच ने नामांकन फार्म लिया है।
अधिकांश राजनीतिक दलों ने अपने-अपने प्रत्याशियों को लेकर अभीतक अपना पत्ता नहीं खोला है। इससे असमंजस की स्थिति बनी हुई है। बताया जा रहा है कि कुछ ऐसे प्रत्याशी नामांकन कर सकते हैं जो पहले भी एमएलसी रह चुके हैं। नामांकन फार्म की जांच 22 मार्च, नाम वापसी 24 मार्च तथा मतदान नौ अप्रैल को सुबह आठ से दोपहर चार बजे तक होगा। नामांकन कार्यक्रम के दूसरे दिन प्रत्याशी प्रेमचंद्र ने नामांकन किया था। जबकि प्रेमचंद्र के साथ ही भारतीय जनता पार्टी से जगदीश प्रसाद सिंह, समाजवादी पार्टी से सोनभद्र से जय प्रकाश पांडेय उर्फ चेखुर पांडेय और श्याम सुंदर सोनकर तथा श्याम नारायण सिंह सहित चार प्रत्याशियों के लिए नामांकन फार्म लिया गया था।