मिर्जापुर। जिलाधिकारी ने बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में सीडीओ, जल जीवन मिशन के तहत प्रस्तावित पेयजल परियोजनाओं से संबंधित कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारियों के साथ बैठक कर प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने विद्युत निगम के अधिशासी अभियंता को जिन परियोजनाओं में बिजली के कनेक्शन के लिए कार्यदायी संस्था की तरफ से धनराशि जमा कर दी गई, वहां 15 दिन में कनेक्शन कराने की हिदायत दी। ताकि संबंधित क्षेत्रों में जलापूर्ति की व्यवस्था सुनिश्चित हो सके।
जिलाधिकारी ने ग्रामीण क्षेत्रों में हर घर नल योजना के तहत कराए गए कार्यों में हुई प्रगति की परियोजनावार समीक्षा की। इस पता चला कि कुछ परियोजनाएं बिजली का कनेक्शन नहीं होने के कारण संचालित नहीं हो पा रही हैं। इस पर जिलाधिकारी ने विद्युत निगम के अधिशासी अभियंता को निर्देश दिया कि जिन परियोजनाओं के विद्युतीकरण के धनराशि जमा कर दी गई है, वहां 15 दिन के अंदर बिजली का कनेक्शन देने की व्यवस्था सुनिश्चित कराएं। जिलाधिकारी ने जल जीवन मिशन के तहत निर्मित इनटेक वेल को चलाने के लिए सुबह और शाम का रोस्टर बनाने तथा रोस्टर विद्युत निगम के अधिकारियों को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। ताकि वहां बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने यह भी कहा कि जिन गांवों में इनटेक वेल संचालित नहीं हैं अथवा कनेक्शन नहीं दिए जा सकते हैं, वहां टैंकर से पर्याप्त मात्रा में पानी उपलब्घ कराएं। ताकि वहां के लोगों को पेयजल की समस्या का सामना न करना पड़े।
उन्होंने अधिकारियों को मई और जून माह में ग्रामीण क्षेत्रों में पानी की समस्या न होने पाए, इसके लिए हर संभव प्रयास करने की हिदायत दी। सीडीओ विशाल कुमार ने कुछ शिकायतों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जहां कनेक्शन दिए गए हैं, उनमें से कई जगह लीकेज के कारण पानी बहने तथा टोटियां नहीं लगाने अथवा चोरी हो जाने शिकायत मिली है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि चालू परियोजनाओं का एक बार फिर से सर्वे कर लें और जहां कमियां मिलें, उसे दूर कराएं। उन्होंने डीपीआरओ से कहा कि जो परियोजनाएं संबंधित ग्राम पंचायत को हस्तांतरित कर दी गई हैं, वहां ग्राम प्रधान तता ग्राम पंचायत अधिकारी को जिम्मेदार मानते जलापूर्ति तथा उसकी सुरक्षा की व्यवस्था सुनिश्चित कराएं।