मिर्जापुर। विश्व स्वास्थ्य दिवस पर स्वास्थ्य विभाग के राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन और उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल की ओर से बृहस्पतिवार को नगर से धुंधीकटरा स्थित बिनानी धर्मशाला में स्वास्थ्य शिविर और जन जागरूकता गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी की शुरुआत मुख्य अतिथि जिलाधिकारी प्रवीण कुमार लक्षकार व विशिष्ट अतिथि सीएमओ डॉ. राजीव सिंघल ने की। जिलाधिकारी ने कहा कि सभी को स्वास्थ्य पर ध्यान देना चाहिए। सीएमओ डॉ. राजीव सिंघल ने कहा कि स्वास्थ्य शिविर में विभिन्न रोगों का इलाज किया गया और उनको सलाह दी गई। व्यापार प्रतिनिधि मंडल के प्रांतीय उपाध्यक्ष शत्रुघ्न केसरी ने कहा कि सभी को स्वस्थ रखने के लिए सरकार को सस्ती व सुलभ चिकित्सा उपलब्ध कराने की आवश्यकता है। शिविर में 150 से अधिक मरीजों का उपचार किया गया। कोविड-19 प्रिकासन डोज भी लगाया गया।
इस अवसर पर डॉ. आनंद कुमार सिंह, डॉ. उमेश श्रीवास्तव, डॉ. पूजा सिंह, डॉ. राहूल सिंह, डॉ. विनम्रता, राजेश, डॉ. अखिलेश दुबे, आदि की टीम ने शिविर में आए मरीजों का उपचार किया। इस अवसर पर शिव मूंदड़ा, दुर्गा चौधरी, जयप्रकाश सेठ, रामबाबू कसेरा, अंकित अग्रहरि, राजेंद्र अग्रवाल, मनोज जैन, गोपाल अग्रहरि आदि रहे।
नाटक के माध्यम से स्वस्थ रहने का बताया तरीका : मिर्जापुर। नगर के पांडेपुर स्थित संस्कार पब्लिक स्कूल में विश्व स्वास्थ्य दिवस पर गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी का विषय हमारा ग्रह हमारा स्वास्थ्य विषय रहा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सीएमओ डॉ. राजीव सिंघल ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान स्वास्थ्य संबंधी योग व नाटक के माध्यम से भी लोगों को जागरूक किया गया। इसमें छात्रों ने शुद्ध एवं सात्विक आहार अपनाने पर बल दिया। प्रधानाचार्य रितु भंडारी ने कहा कि हर वर्ष 7 अप्रैल को पूरे देश में विश्व स्वास्थ्य दिवस मनाया जाता है। प्रबंधक डॉ. अनंत राज भंडारी ने कहा कि अपने ग्रह को प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए हर वर्ष पौधरोपण करना चाहिए। कार्यक्रम का संचालन छात्रा गौरी शुक्ला व कलश दुबे ने किया।
स्वास्थ्य व स्वर्ण प्राशन की दी जानकारी : मिर्जापुर। विश्व स्वास्थ्य दिवस पर बृहस्पतिवार को आरोग्य भारतीय मिर्जापुर की ओर से बच्चों के स्वास्थ्य एवं स्वर्ण प्राशन पर एक कार्यशाला का आयोजन विंध्यमाउंट इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल में किया गया। डॉ. विवेक सिंह ने मुख्य विषय, स्वर्णप्राशन एवं उससे होने वाले लाभ पर चर्चा की। आगामी दस अप्रैल को पुष्य नक्षत्र पर होने वाले स्वर्णप्राशन कार्यक्रम की जानकारी दी। अंत में मुख्य वक्ता डॉ. गणेश प्रसाद अवस्थी ने वर्तमान परिदृश्य में बच्चों के स्वास्थ्य संबंधित समस्याओं एवं उनसे बचाव के उपाय को साझा किया। इस अवसर पर उपाध्यक्ष डॉ. संदीप श्रीवास्तव, सचिव डॉ. टीएन द्विवेदी ने बच्चों में दंत एवं मुख से संबंधित समस्याओं एवं उनके निदान पर विचार प्रस्तुत किया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक विजय दुबे, वरिष्ठ होम्योपैथिक चिकित्सक डॉ. सर्वेश मिश्रा, डॉ. राहुल वर्मा आदि मौजूद रहे।