चुनार तहसील परिसर स्थित शौचालय में लटकता हुआ ताला। संवाद
चुनार। तहसील परिसर स्थित शौचालय में मंगलवार को दिन में ताला बंद रहने से तहसील आए अधिवक्ताओं, वादकारियों, फरियादियों व तहसील के काम से जरूरतमंदों के साथ आने वाले अन्य लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।
तहसील आने वाले लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए नगर पालिका द्वारा स्वच्छ भारत मिशन योजना अंतर्गत शौचालय का निर्माण कराया गया है। निर्माण के कुछ दिनों से ही यह शौचालय दुर्व्यवस्था का शिकार है। शौचालय में पर्याप्त साफ सफाई की व्यवस्था न होने से दुर्गंध उठता रहता जिससे उसका प्रयोग विवशता में ही लोग करते हैं। शौचालय का हाल यह है कि उसमे लगे टाइल्स, नल व दरवाजे काफी दिनों से टूटे हुए हैं जिस पर पालिका का ध्यान अभी तक नही गया।बारिश में गंदगी के चलते जहां विभिन्न संक्रामक रोगों के फैलने की आशंका बनी हुई है वही शौचालय की स्वच्छता को लेकर पालिका उदासीन बना हुआ है।बार के अध्यक्ष शिवशंकर सिंह, पदाधिकारी रामबिलास सिंह, राममूरत यादव, अविनाश गुप्ता, वरिष्ठ अधिवक्ता कैलाश नाथ सिंह, मुन्नू प्रसाद गुप्ता, शशिकांत मिश्रा, गुलाब सिंह, मो0हदीश, राजकुमार सिंह, राहुल कुमार, अमरनाथ यादव, राजेश कुमार सिंह ने पालिका प्रशासन से शौचालय को नियमित खोलने एवं व्याप्त दुर्व्यवस्था को दूर करने की मांग किया है।