कोविड के तीसरे लहर की आशंका के बीच नए वर्ष का शुरुआत होते ही लगातार दूसरे दिन कोविड संक्रमित मिला है। इसमें शनिवार को लखनऊ से लौटने वाली नगर की एक युवती व रविवार को वाराणसी बीएचयू में भर्ती जिले के मड़िहान थाना क्षेत्र निवासी एक युवक शामिल है। फिलहाल किसी में नए वैरिएंट की पुष्टि अभी तक नहीं हो सकी है।
जिले में पिछले 45 दिनों से कोई संक्रमित नहीं मिला था। 17 नवंबर 2021 को एक संक्रमित मिला था, जो मिर्जापुर का रहने वाला था, परंतु वह बाहर रह रहा था। नए वैरिएंट ओमिक्रॉन को देखते हुए तीसरी लहर की आशंका जताई जा रही है। इस बीच नए वर्ष पर शनिवार को नगर निवासी 28 वर्षीय एक युवती संक्रमित मिल गई। जो होम आइसोलेट है। रविवार को मड़िहान थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक की रिपोर्ट पाजिटिव आई है। पिछले 164 दिनों में 11 संक्रमित मिले हैं। जिले में कुल संक्रमितों की संख्या 11 हजार 45 है। अब तक 10 हजार 926 लोगों को स्वस्थ होने पर डिस्चार्ज किया जा चुका है। जिले में अब तक 117 लोगों की कोरोना से मौत हो चुकी है। सीएमओ डा. राजीव सिंघल ने बताया कि रविवार को 2155 की रिपोर्ट आई है। इसमें कोई संक्रमित नहीं मिला है। लालगंज थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी 28 वर्षीय युवक 24 दिसंबर को बीएचयू में हार्ट का आपरेशन कराने गया था। वहां पर उसकी रिपोर्ट पाजिटिव आई है। युवक वहीं पर भर्ती है। जिले में अब तक 11 लाख नौ हजार 599 लोगों के सैंपल लिए जा चुके हैं। इनमें से 11 लाख आठ हजार 879 की रिपोर्ट आई है। अन्य 720 की रिपोर्ट आनी बाकी है। जिले में छह लाख 54 हजार 226 लोगों की एंटीजन से जांच की गई है।