मिर्जापुर। 11 वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में शनिवार से नारघाट में लाला लाजपत राय शहीद उद्यान योग समिति की ओर से निशुल्क योग शिविर शुरू हुआ। यह शिविर एक सप्ताह तक प्रतिदिन सुबह 5:30 से 7:15 तक चलेगा। पहले दिन अभ्यासियों को अनुलोम विलोम, कपालभाति के साथ ही कई आसन कराए गए। कहा गया कि योगाभ्यास और प्राणायाम से शरीर को निरोग रखा जा सकता है।
योगाचार्य प्रमोद चंद्र अग्रवाल ने आए हुए सभी योग प्रेमियों को योग के महत्व के बारे में बताया कि यदि हम आधा घंटा भी योग और प्राणायाम प्रतिदिन करते हैं, तो हम अपने आप को स्वस्थ रख सकते हैं। आज के समय में ज्यादातर लोग शारीरिक एवं मानसिक रूप से अस्वस्थ हैं।
यहां तक की सभी खाद्य पदार्थ घी, तेल, मसाला, दूध एवं उसके बने हुए उत्पाद, सब्जी, फल सब कुछ प्रदूषित हैं। ऐसे समय में अपने आप को स्वस्थ रखना चुनौती भरा कार्य है। हमारे ऋषि महर्षियों ने योग द्वारा दीर्घायु और स्वस्थ जीवन का रहस्य बताया है। यह शरीर आपका अपना है। यह आपकी जिम्मेदारी बनती है कि आप इसे स्वस्थ एवं निरोगी रखें। इस शिविर में स्त्री-पुरुष, बच्चे सभी सम्मिलित थे। पहले दिन ही लोगों में उत्साह दिखा। योग शिविर का समापन 21 जून को होगा। इस योग शिविर में गोविंद जी शर्मा की ओर से विशेष सहयोग दिया गया।