मिर्जापुर। संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बृहस्पतिवार को विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2022 की तैयारियों के संबंध में वीडियो कांफ्रेंसिंग कर प्रगति की जानकारी ली।
संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी अंबरीश श्रीवास्तव ने विधानसभा सामान्य निर्वाचन तैयारियों, स्वीप तथा निर्वाचक नामावली के संबंध में वीडियो कांफ्रेंसिंग कर प्रगति जानी। संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने फार्म-सात व आठ, आनलाइन इंट्री, फार्म-छह अपलोड कराकर निर्वाचन कार्ड की कार्रवाई ससमय कराये जाने का निर्देश दिया। कहा कि आरओ व एआरओ अपनी ई-मेल आईडी सक्रिय करा लें। जिससे कि सूचनायें मिलती रहें। उन्होंने कहा कि स्वीप संबंधित कार्यक्रम से लोगों को जागरूक किया जाए। दृष्टि बाधित मतदाताओं के लिए निर्वाचन संबंधी वोटर गाइड भी छपवाने के संबंध में चर्चा की गई। उन्होंने कहा कि जो बूथ बनाए गए हैं। वहां पर प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, शौचालय आदि व्यवस्थायें पहले से ही दुरुस्त करा लें। ताकि मतदान के समय कोई भी समस्या न हो। उन्होंने कोविड-19 प्रोटोकाल के दृष्टिगत मतदान केन्द्रों पर सैनिटाइजर कोविड-19 के दिशा निर्देशों का पालन कराये जाने का भी निर्देश दिया। एनआईसी में अपर जिलाधिकारी शिव प्रताप शुक्ल, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी कैलाश नाथ, अपर जिला सूचना विज्ञान अधिकारी अभिषेक श्रीवास्तव उपस्थित रहे।