मिर्जापुर। फतहां स्थित पावर कारपोरेशन के मुख्य अभियंता वितरण के कार्यालय पर शुक्रवार को अवर अभियंताओं ने प्रदर्शन कर मथुरा में हुई जेई की हत्या का विरोध किया और तत्काल कार्रवाई की मांग की। राज्य विद्युत परिषद जूनियर इंजीनियर्स संगठन के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में ऊर्जा मंत्री को संबोधित ज्ञापन मुख्य अभियंता व जिलाधिकारी को देकर त्वरित कार्रवाई को कहा।
इस अवसर पर आयोजित सभा में वक्ताओं ने विद्युत कर्मचारी, अभियंता सुरक्षा अधिनियम लागू करने की मांग, उचित मुुआवजे व सुरक्षा गारंटी की मांग की। संगठन के जिलाध्यक्ष रामसिंह ने कहा कि उपभोक्ता विभागीय कार्रवाई को निजी समझकर प्रतिक्रिया ले रहे हैं। ऐसे में बिना सुरक्षा काम करवाना संभव नहीं है। रमन चतुर्वेदी ने कहा एक मात्र अवर अभियंता को फील्ड में बिना सुरक्षा भेजकर जान जोखिम में डालने का काम किया जा रहा है। मथुरा की यह घटना पहली घटना नहीं है, इसके पहले भी कई घटनाएं हो चुकी हैं। सतीश चंद्र बिंद ने कहा ऊर्जा मंत्री ने कर्मचारियों के ऊपर हुए हमले में दोषियों के खिलाफ एक वर्ष पहले ही रासुका तामील करने की बात कही थी लेकिन पूरे प्रदेश में कहीं भी किसी भी अपराधी पर रासुका नहीं दर्ज की गई है। इस अवसर पर सहायक अभियंता ईश्वर शरण सिंह, अवर अभियंता विनय सिंह, चंद्रकांत मेहता, पुष्पेंद्र प्रजापति,रितेश दिवाकर, विनय चौरसिया, उमेश गौतम,जगजीवन राम, विनय वैश्य, विनोद प्रजापति, अभिषेक मौर्या, विजय केशरी, शंभूनाथ, राकेश आदि थे।