जमालपुर। प्रदेश सरकार के जलशक्ति मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह शुक्रवार की रात अपने पैतृक गांव ओड़ी पहुंचे। यहां ग्रामीणों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया।
मंत्री ने परिजनों से मुलाकात की और लोगों की समस्याएं सुनीं। साथ ही संबंधित विभागों के अधिकारियों को समस्याओं का निराकरण करने के निर्देश दिए।
जलशक्ति मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह ओड़ी गांव में डेढ़ घंटे तक रुकने के बाद रात नौ बजे विंध्याचल रवाना हो गए। पिड़खिर ग्राम प्रधान शकुंतला देवी ने जलशक्ति मंत्री को पत्रक देकर गांव में स्थित 96 बीघे के तालाब की खोदाई कराने और तटबंध बवाने की मांग की।
जमालपुर के पांडेयचक मौजा के लोगों ने गड़ई नदी पर पुल का निर्माण कराने की मांग की। ग्रामीणों ने कहा पुल के अभाव में बरसात के मौसम में करीब चार किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ती है। चैनपुरा गांव की ग्राम प्रधान गीता देवी ने गांव के पास बिक्सी माइनर में करीब सात सौ मीटर नहर में साइड वाल का निर्माण कराये जाने की मांग की।
इसके बाद कैबिनेट मंत्री हसौली गांव में सीताराम सिंह के घर पहुंचे और उनकी पौत्री के बरही कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान जलशक्ति मंत्री के बड़े भाई श्रीपति सिंह, अंकित सिंह, पूर्व ब्लाक प्रमुख आनंद सिंह बंटू, राकेश सिंह, आशीष सिंह, संजय सिंह, प्रधान चंद्रभान सिंह, नरसिंह चौहान, मोतीलाल सिंह, रामजनम कुशवाहा, शिवपूजन पासवान आदि थे।