मिर्जापुर। सांसद व पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल द्वारा जिले में गेहूं की खरीद में हो रहे भ्रष्टाचार की शिकायत पर संभागीय खाद्य नियंत्रक केके सिंह ने तीन सदस्यीय जांच दल गठित किया है। टीम को तीन दिन में जांच कर रिपोर्ट तैयार करनी है। जांच दल में खाद्य विभाग के संभागीय लेखाधिकारी दीपक कुमार तिवारी, क्षेत्रीय विपणन अधिकारी सदर अर्चना मिश्रा तथा क्षेत्रीय विपणन अधिकारी मड़िहान अजय प्रताप सिंह शामिल हैं।
बता दें कि पूर्व केंद्रीय मंत्री ने जिले में गेहूं की खरीद में गंभीर अनियमितता बरतने का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को उच्च स्तरीय जांच कराने संबंधी शिकायत पत्र लिखा था।
इसके साथ ही संभागीय खाद्य निरीक्षक ने कोटेदार कल्याण समिति की शिकायत पर मंडल के तीनों जिलों में जांच दल का गठन किया। इसमें क्रास चेकिंग की जाएगी अर्थात एक जिला के अधिकारी दूसरे जिला में जांच करेंगे। इसमें भदोही के अधिकारियों का तीन सदस्यीय दल मिर्जापुर में, मिर्जापुर का दल सोनभद्र में और सोनभ्रद के अधिकारियों का दल भदोही जिला में जांच करेगा। इनको तीन दिनों के अंदर रिपोर्ट देने को कहा गया है। बता दें कि कोटेदार कल्याण समिति विंध्याचल मंडल ने आरोप लगाया था कि उचित दर विक्रेताओं को गुणवत्ता विहीन चावल बिना तौल के एवरेज के आधार पर कोटेदारों को दिया जाता है।