मड़िहान। खंड विकास अधिकारी के निरीक्षण में बृहस्पतिवार को दो गांवों के प्राथमिक विद्यालयों में पांच अध्यापक अनुपस्थित मिले। स्कूल में मौजूद बच्चों की देखभाल रसोइया कर रही थी।
जिला प्रशासन के निर्देश पर पटेहरा कला के खंड विकास अधिकारी बीरभानु सिंह ने जमुई स्थित कम्पोजिट विद्यालय व मरचा गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय का निरीक्षण किया। जमुई में प्रधानाध्यापक समेत दो सहायक शिक्षक व शिक्षा मित्र अनुपस्थित रहे। इसी तरह मरचा प्राथमिक विद्यालय से एक शिक्षक अनुपस्थित पाए गए। इसकी जानकारी खंड शिक्षा अधिकारी ने जिला प्रशासन को दी। बीईओ मनोज कुमार राय ने बताया कि अनुपस्थित रहे पांच शिक्षकों का एक दिन का वेतन काटने का निर्देश दिया गया है।