जिगना। विंध्याचल थाना क्षेत्र के निफरा गांव में बुधवार को शाम को कुएं के पास सूखने के लिए कपड़ा डालते समय रस्सी टूट गई। रस्सी टूटने से विवाहिता कुएं में गिर गई। उसे बाहर निकालकर उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। जहां डाॅक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
विंध्याचल थाना क्षेत्र के निफरा गांव निवासी संदीप कुमार पांडेय की पत्नी प्रीती देवी (35) बुधवार को शाम को मकान के पास स्थित कुएं पर बंधी रस्सी पर कपड़ा सूखने के लिए डाल रही थीं। इस दौरान रस्सी टूट गई। इससे प्रीती अचानक कुएं में गिर गईं। शोर सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे। घटना के बाद ग्रामीणों की भीड़ इकट्ठा हो गई। ग्रामीणों की मदद से प्रीती को कुएं से बाहर निकाला गया। परिजन उन्हें बाहर निकाल कर निजी चिकित्सालय ले गए। जहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पति संदीप कुमार बाहर नौकरी करते हैं। थानाध्यक्ष अरविंद कुमार मिश्र ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।