मिर्जापुर। पथरहिया स्थित मंडलायुक्त कार्यालय में सोमवार को मंडलायुक्त योगेश्वर राम मिश्र ने मण्डल में 50 लाख से ऊपर की निर्माणाधीन परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की।
मंडलायुक्त ने कहा कि वे आवास विकास निर्माण एजेंसी, पैक्सपेड व सीएनडीएस के पॉंच-पॉच कार्यों का स्वयं लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता एवं एक फाइनेंशियल विभाग के अधिकारी के साथ निरीक्षण करेंगे। उन्होंने बैठक में उपस्थित जिलाधिकारी मिर्जापुर प्रवीण कुमार लक्षकार व जिलाधिकारी भदोही राजेन्द्र कुमार से भी कहा कि वे भी अपने जनपद भ्रमण के दौरान परियोजनाओं के गुणवत्ता की जॉंच करें। मुख्य विकास अधिकारियों को निर्देशित करते हुये कहा कि अपने-अपने जनपद में निर्माणाधीन सभी परियोजनाओं का निरीक्षण करें तथा गुणवत्ता को बरकरार रखना सुनिश्चित करायें। आयुक्त ने अधिकारियों से कहा कि जिन परियोजनाओं की प्रगति 94 से 99 प्रतिशत दर्शाया गया है, उसे तत्काल पूर्ण कराते हुये संबंधित विभाग को हैण्डओवर कराये। उन्होंने सभी कार्यदायी संस्थाओं से कहा कि यदि कहीं जमीन का विवाद हो या जमीन की उपलब्धता की समस्या हो तो सम्बंधित जिलाधिकारी से व्यक्तिगत रूप से मिलकर हल कराना सुनिश्चित करायें तथा अनारम्भ कार्यों को तत्काल पूर्ण करायें। आयुक्त ने कहा कि प्राय: प्रोजेक्ट बनाने समय बाउंड्रीवाल का प्रस्ताव छोड़ दिया जाता है। जिसके कारण बाद में धनराशि की उपलब्धता नहीं हो पाती है। कहा कि परियोजना बनाने समय ही बाउंड्रीवाल का प्रस्ताव में अवश्य शामिल किया जाए।