जिले के भाजपा गठबंधन से जुड़े पांच विधायकों का पहला दिन जनता और परिवार के बीच गुजरा। सुबह होते ही घरों पर समर्थकों की भीड़ लग गई। उनसे मिलने के बाद क्षेत्र में जगह-जगह स्वागत समारोह में शामिल हुए। शाम को कई विधायक लखनऊ निकल गए।
ऊर्जा राज्यमंत्री रमाशंकर सिंह पटेल : मड़िहान विधायक ऊर्जा राज्यमंत्री रमा शंकर सिंह पटेल का पहला दिन समर्थकों और परिवार के बीच गुजरा। सुबह विधायक मां विंध्यवासिनी के दर्शन पूजन को विंध्याचल पहुंचे। इसके बाद अपने आवास पर आए। समर्थक शुक्लहां स्थित उनके आवास पर पहुंच गए। बधाई देने का तांता शुरू हो गया। इसके बाद क्षेत्र में भी कई स्वागत सम्मान कार्यक्रम में शामिल हुए। इसके बाद लखनऊ रवाना हो गए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में विकास की गति को और बढ़ाया जाएगा। जो भी अधूरे कार्य हैं उन्हें पूरा किया जाएगा। कहा कि पेयजल की जो भी योजनाएं हैं उनकों समय से गुणवत्ता पूर्ण ढंग से पूरा किया जाएगा। सिंचाई की अच्छी व्यवस्था की जाएगी। अनाज खरीद को बिचौलियों से पूरी तरह मुक्त किया जाएगा।
चुनार विधायक अनुराग सिंह : चुनार विधायक अनुराग सिंह का पहला दिन विभिन्न क्षेत्रों में आयोजित स्वागत समारोहों के बीच गुजरा। सुबह घर पर आए शुभचिंतकों से मिलने के बाद वे क्षेत्र में निकल गए। जमालपुर, कैलहट व आस पास के इलाकों में जनता के बीच स्वागत समारोह में शामिल हुए। शाम तक लोगों से मिलने का दौर चलता रहा। कई स्थानों पर स्वागत कार्यक्रम हुआ। विधायक ने बताया कि चुनार में पर्यटन संभावनाओं को विकसित करना जिससे रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। डिग्री कालेज के अधूरे पड़े कार्य को पूरा कराया जाएगा। ढाब व सीखड़ क्षेत्र में सड़कों का उच्चीकरण किया जाएगा जिससे बाढ़ में वे न डूबें।
मझवां विधायक डॉ विनोद बिंद :
पहली बार विधायक बने डॉ विनोद बिंद सुबह माता पिता का आशीर्वाद लेने अपने गांव चंदौली स्थित कवई पहाड़पुर गांव पहुंचे। हालांकि उन्हें घर पहुंचते पांच घंटे लग गए। इससे पहले जगह जगह रोककर उनका स्वागत अभिनंदन किया गया। मुगलसराय स्थित हास्पिटल पर भी गए। दोपहर बाद गांव पहुंचकर उन्होंने मां और पिता का आशीर्वाद लिया। जहां से उन्होंने शिक्षा ग्रहण की थी, बाबा परमहंस जूनियर हाई स्कूल करमपुर, वहां भी स्वागत समारोह में शामिल हुए। उन्होंने बताया कि उनकी प्राथमिकता क्षेत्र में हर घर तक बुनियादी सुविधाओं को पहुंचाना है। सड़क, बिजली, पानी के साथ ही खान पान और स्वास्थ्य सुविधाएं सभी को मिले।
नगर विधायक रत्नाकर मिश्र
सुबह से ही लोगों से मिलने जुलने का सिलसिला शुरू हो गया। पार्टी कार्यालय पर भी पदाधिकारियों और आम जनता से मुलाकात हुई। मित्रों और शुभचिंतकों के आवास पर भी गया और उन्हें धन्यवाद दिया। पूरे दिन यही सिलसिला चलता रहा। मेरी प्राथमिकता नगर क्षेत्र से जाम की समस्या को समाप्त करना है। साथ ही पीतल उद्योग को सुदृढ़ बनाने के लिए विशेष गाइडलाइन बनाने के लिए प्रयास करेंगे। बाकी जो भी योजनाएं क्षेत्र में चल रही हैं उन्हें गति देने का प्रयास होगा। जनता की समस्या को समय रहते दूर कर दिया जाए, इसके लिए प्रयास करेंगे।