अदलहाट के टेड़ुआ गांव में हत्या के बाद जांच करते एसएसपी सोमेन बर्मा। स्रोत- संवाद
अदलहाट। टेड़ुआ गांव में बुधवार की दोपहर पान की गुुमटी पर 100 रुपये का सामान लेने के बाद गैंगस्टर सूरज गिरी ने शराब पीया। दुकानदार विशाल ने पैसा मांगा तो सूरज ने देने से इन्कार कर दिया। इस पर दोनों में विवाद हो गया। विवाद में विशाल ने दुकान में रखे चाकू से सूरज पर हमला कर दिया। इसके बाद बोल्डर उठाकर सिर पर पट दिया। इलाज के लिए ले जाते समय सूरज की मौत हो गई। सूचना पर एसएसपी, एएसपी फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचकर जांच किए। आरोपी विशाल को हिरासत में लिया गया है। टेड़ुआ गांव निवासी छोटे लाल गिरी दो दिन पहले वाराणसी-शक्तिनगर राजमार्ग पर गांव के बाहर गुमटी में पान की दुकान खोला था। बुधवार को दिन में साढ़े 12 बजे छोटे लाल पुत्र विशाल गिरी दुकान पर बैठा था। उसका पटिदार और गैंगस्टर सूरज गिरी गुमटी पर पहुंचा। सूरज ने विशाल से 100 रुपये के पान, गुटका व अन्य सामान खरीदकर लोगाें को खिलाया। इसके बाद गुमटी के पास बैठकर शराब पीया। शराब पीकर जाने लगा तो विशाल ने उससे पैसा मांगा। सूरज पैसा न देकर धमकाने लगा। इस पर दोनों में विवाद हो गया। विवाद में मारपीट होने लगी। इस दौरान विशाल ने दुकान में रखा चाकू सूरज के पेट में मार दिया। सूरज जमीन पर गिर गया। इसके बाद विशाल वहां पड़े एक पत्थर के बोल्डर को सूरज के सिर पर पटक दिया। इससे घायल हो गया। सूचना पर सूचना पर पहुंचे थानाध्यक्ष अमित कुमार मिश्रा घायल को ट्रॉमा सेंटर वाराणसी भेजा। ट्रॉमा सेंटर ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई। पुलिस मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई में जुटी है।
लूट, चोरी छिनैती के आठ मुकदमे का आरोपी था सूरज
अदलहाट। अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन ओम प्रकाश सिंह ने बताया कि मृतक सूरज गिरी अपराधी किस्म का युवक था। उसके खिलाफ वाराणसी के मिर्जामुराद और जीआरपी में लूट, छिनैती, चोरी के आठ मुकदमे दर्ज हैं। सूरज की मां के मौत के बाद उसके पिता ने दूसरी शादी कर ली थी। सूरज का एक भाई नीरज शक्तिनगर में ट्रक चलाता है। सूरज की शादी नहीं हुई थी। वह वाराणसी में रहकर घटनाएं करता था। गांव कभी-कभी आता था। विशाल ने पूछताछ में बताया कि पैसा मांगने पर विवाद हुआ है। सूरज के आपराधिक घटनाओं के कारण परिवार ने नाता तोड़ लिया था। घटना की सूचना देने पर भी लोग आने से कतराते रहे।
दुकान से 100 रुपये का सामान सूरज ने लिया और वहीं शराब पीया। दुकानदार विशाल ने पैसा मांगा तो विवाद हो गया। विवाद में विशाल ने सूरज को चाकू मारने के बाद सिर पर बोेल्डर पटक दिया। अस्पताल ले जाते समय सूरज की मौत हो गई। विशाल हिरासत में है। सूरज के परिजन को सूचना दी गई है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है।
ओपी सिंह, एएसपी आपरेशन