पड़री थाना क्षेत्र के भरपुरा के पास बुधवार की रात ड्यूटी से घर जा रहे बाइक सवार होमगार्ड को ट्रक ने कुचल दिया। हादसे में होमगार्ड की मौके पर ही मौत हो गई। ट्रक चालक मौका पाकर फरार हो गया। राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। शव की पहचान कर पुलिस ने परिजनों को सूचना दी। मौत की खबर सुनकर परिवार में कोहराम मच गया।
पड़री थाना क्षेत्र के इमलिया गांव निवासी हरि नारायण (40) पुत्र राम खेलावन शहर कोतवाली में होमगार्ड के पद पर तैनात थे। इससे पहले वह जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में कार्य कर चुके थे। बुधवार की देर रात वह शहर कोतवाली में ड्यूटी खत्म होने के बाद बाइक से घर जा रहे थे। पड़री थाना क्षेत्र के भरपुरा गांव के पास पहुंचे थे कि सामने से आ रहे ट्रक के चपेट में आ गए। इस हादसे में ट्रक से कुचलकर होमगार्ड की मौके पर ही मौत हो गई। ट्रक चालक मौका पाकर फरार हो गया। राहगीरों की सूचना पर पड़री थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को सड़क से हटवाकर हरि नारायण के परिजनों को सूचना दी। मौत की सूचना पाकर परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक नौ भाइयों में सबसे छोटे थे। उनसे तीन पुत्रियां हैं। उनकी मौत से परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल हो गया था। पुलिस अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश में जुटी है।