मिर्जापुर जिले के जिगना थाना क्षेत्र के बर्दहिया बाजार में एक मकान के पीछे आधा दर्जन पक्षियों के मरने की चर्चा अभी थमी नहीं थी कि नरोइया के अंगनपुर गांव में जगदीश बिंद और जैन बिंद के मकान के पास बाग में बुधवार की सुबह आधा दर्जन गौरैया मृत मिलीं। बर्ड फ्लू की आशंका से पक्षियों को मृत देखकर ग्रामीण भयभीत हो उठे।
एक साथ इतनी बड़ी संख्या में मृत गौरैया को देखकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। लोगों ने बताया कि गौरैया रात में ही मर चुकी थी। कैसे मरी यह चर्चा का विषय तो बना हुआ है, लेकिन संबंधित विभाग इस मामले से अनजान बना हुआ है। यह भी बता दें कि इस प्रजाति की गौरैया पक्षी क्षेत्र में विलुप्त के कगार पर हैं।
इसके पूर्व भी शनिवार को जिगना क्षेत्र के बर्दहिया बाजार स्थित एक बाग के पास स्थित एक मकान के पीछे शनिवार की शाम अचानक गिरकर एक के बाद एक सात पक्षियों की छटपटाकर मौत हो गई थी। ग्रामीण बर्ड फ्लू की आशंका से सहमे हुए हैं। मृत पक्षियों को देखने के लिए आसपास के गांवों से लोगों की भीड़ इकठ्ठी रही।
मुख्य पशु चिकित्साधिकारी जय सिंह का कहना है कि मामला जानकारी में नहीं है। सूचना मिली होती तो मौके पर टीम भेजकर जांच-पड़ताल कराई जाएगी।