चील्ह। चील्ह थाना क्षेत्र के गहिया गांव निवासी विवाहिता का शव गुजरात में मिलने के बाद पुलिस हत्या के आरोप में उसके पति को गिरफ्तार कर चुकी है। शव की शिनाख्त को पुख्ता करने के लिए पुलिस शुक्रवार को चील्ह के गहिया गांव पहुंची। विवाहिता के भाई के रक्त और बाल का सैंपल डीएनए जांच के लिए लिया।
चील्ह थाने क्षेत्र के गहिया गांव निवासी अर्चना देवी की शादी जिगना थाना क्षेत्र के चेहरा गांव निवासी इंद्रजीत से हुई थी। इंद्रजीत अपने परिवार के साथ नान्ना पोंडा सिलवासा गुजरात में किसी फैक्टरी में काम करता था। दो सितंबर को गांव आने के लिए उसने दोस्तों की मदद से एक वाहन किराए पर लिया। लेकिन घर पहुंचा तो पत्नी साथ में नहीं थी। गांव आकर पत्नी के मायके वालों को बताय कि वह किसी के साथ भाग गई है। उधर महिला का शव मिलने पर चीकली नौवसारी गुजरात थाने की पुलिस पहचान में लगी रही। काफी खोजबीन के बाद सीसीटीवी कैमरा के फुटेज के आधार पर वाहन के चालक और मालिक को हिरासत में लेकर पूछताछ किया तो इंद्रजीत के दोस्तों का पता चला। दोस्तों से इंद्रजीत के बारे में जानकारी तिली। इधर इंद्रजीत जब गुजरात गया तो पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया। अर्चना के शव की शिनाख्त के लिए गुजरात पुलिस शुक्रवार को गहिया गांव पहुंची। उसके भाई के रक्त और बाल का सैंपल डीएनए जांच के लिए लिया। गुजरात पुलिस इंस्पेक्टर के एस भावे ने बताया कि आरोपी उनकी गिरफ्त में है। डीएनएम जांच के लिए सैंपल लिया गया है। आरोपी ने गांव जाते समय वाहन में अपनी चारों पुत्रियों को बैठाया था। सामान के साथ एक प्लास्टिक का बड़ा ड्रम रखा। ड्रम में पत्नी के शव को लादकर रेलवे स्टेशन की तरफ जा रहा था। रास्ते में सड़क पर गड्ढा पड़ने पर ड्रम का ढक्कन खुल गया। चालक के पूछने पर उसने शव को पत्नी का बताया। चालक के एतराज करने पर शव को फेंक कर के अपने बच्चों को लेकर गांव वापस आ गया था।