मिर्जापुर। राजगढ़ विकास खंड के ददरा गांव निवासी अवकाश प्राप्त शिक्षक राधेश्याम सिंह को शुक्रवार को राज्यपाल आनंदी बेन ने सम्मानित किया। उद्यान विभाग के सहयोग से ड्रैगनफ्रूट, स्ट्रॉबेरी व केला की खेती में उन्होंने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। इस दौरान राज्यपाल ने प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए 11 अन्य किसानों को भी सम्मानित किया।
वर्ष 2017 में शिक्षक पद से सेवानिवृत्त होने के बाद राधेश्याम खेतीबारी में जुट गए। परंपरागत खेती में उन्हें कोई लाभ नहीं हुआ तो उन्होंने उद्यान विभाग से संपर्क किया। जिला उद्यान अधिकारी के सहयोग से सबसे पहले 2.5 बीघा में केला की खेती की। 14 से 15 माह के पश्चात तैयार केला की अच्छी बिक्री हुई। राधेश्याम की खेती से प्रेरणा लेते हुए अन्य किसानों ने भी केले की खेती शुरू की। क्षेत्र में आज लगभग 250 हेक्टेयर से अधिक जमीन पर केले की खेती की जा रही है। इससे किसान अच्छी आय भी प्राप्त करने लगे हैं। जिला उद्यान अधिकारी मेवाराम व किसान राधेश्याम को किसान केला गुरु के नाम से पुकारने लगे हैं। शुक्रवार को राज्यपाल के हाथों सम्मान मिलने पर किसान को जिला उद्यान अधिकारी मेवाराम सहित जनपद के प्रगतिशील किसानों ने बधाई दी।