इनर व्हील क्लब मिर्जापुर समन्वय की ओर से दयानंद बालिका इंटर कॉलेज में बालिकाओं के मानसिक व शारीरिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें किशोरियों को स्वस्थ जीवन शैली, स्वच्छता और मानसिक संतुलन के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में योग और ध्यान के माध्यम से मानसिक शांति व शारीरिक स्वास्थ्य के महत्व की जानकारी दी गई। व्यक्तिगत स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए बालिकाओं को सेनेटरी पैड भी वितरित किए गए। फिट गर्ल विषय पर आयोजित विशेष सत्र में विशेषज्ञों ने बालिकाओं को शारीरिक फिटनेस, पोषण और स्वस्थ जीवन शैली के बारे में जानकारी दी।
इस दौरान छात्राओं को जूस व खाद्य सामग्री भी वितरित की गई। कार्यक्रम क्लब की अध्यक्ष अंजू साध के नेतृत्व में हुआ। सचिव रजनी गुप्ता, संजना अग्रवाल, रूबी वालिया, खुशबू गुप्ता समेत अन्य सदस्य मौजूद रहीं। क्लब की ओर से बताया गया कि बालिकाओं के स्वास्थ्य, स्वच्छता, आत्म विश्वास और सशक्तीकरण के लिए आगे भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।