बारिश के दौरान अलग-अलग गांवों में मंगलवार की शाम बिजली की चपेट में आने से बालिका समेत दो लोगों की मौत हो गई। चरखी खुर्द गांव में बिजली गिरने से बालिका और दिघुली गांव में बिजली की चपेट में आने से किशोरी की मौत हो गई। सूचना पर पुलिस और राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची। एसडीएम ने दोनों परिवारों को आर्थिक सहायता दिलाने का आश्वासन दिया है।
बरसात का मौसम शुरू होते ही बिजली गिरने से होने वाले हादसे बढ़ गए हैं। लालगंज थाने के चरखी खुर्द गांव निवासी रामनारायण की पुत्री नंदिनी (10) घर के बाहर खेल रही थी। मंगलवार को दोपहर बाद अचानक गड़गड़ाहट के साथ बारिश होने लगी। इस दौरान बिजली गिरने से बालिका चपेट में आ गई। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजन गंभीर रूप से झुलसी नन्दिनी को आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लालगंज ले गए। जहां चिकित्सकों ने देखते ही मृत घोषित कर दिया। दूसरी घटना दिघुली गांव की है। गांव निवासी बबलू की पुत्री साधना (15) दोपहर बाद मकान के बाहर खड़ी थी। इस दौरान बिजली गिरने से वह चपेट में आ गई। इससे घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों स्थानों पर पहुंच कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। तहसीलदार शशांक शेखर राय चरखी खुर्द गांव में मौजूद रहे। दिघुली गांव में मौके पर पहुंचे एसडीएम विजय नारायण सिंह ने परिजनों को ढांढस बंधाया। कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मृतक के परिजनों को चार लाख रुपये सहायता के रूप में दिए जाएंगे। चरखी खुर्द की नंदनी के परिजनों को भी चार लाख सहायता देने का आश्वासन दिया।