मिर्जापुर की गलियों में कचरा खोजते रह जाएंगे लोग। आला अफसर खुद शहर को स्वच्छ बनाने के लिए सड़कों पर उतर आए। मंडलायुक्त रंजन कुमार की देखरेख में बुधवार को नगर पालिका के 35 वार्डों में विशेष अभियान चलाया गया। चूने का छिड़काव किया गया। कमिश्नर के कहा कि सभी मैनहोल पर ढक्कन लगाए जाएं और स्ट्रीट लाइट दुुरुस्त करा दी जाए। सार्वजनिक स्थान पर पशु बांधने वालों को नोटिस जारी करने को भी कहा।
प्रशासन शहर की सफाई पर विशेष जोर दे रहा है। नगरीय निकायों में साफ-सफाई की व्यवस्था पर शासन द्वारा विशेष ध्यान दिया जा रहा है। मंडलायुक्त ने शहर को कचरा मुक्त करने को कहा है। स्वच्छता की गिनरानी के लिए 35 वार्डों में जिला स्तरीय अधिकारियों को लगाया गया है। उनकी देखरेख में शहर की सफाई कराई जा रही है। सफाई पर्यवेक्षक, सफाई निरीक्षक, सफाई नायक और कर्मचारियों के कामकाज की नियमित निगरानी की जा रही है।
मंडलायुक्त रंजन कुमार, डीएम कंचन वर्मा, सीडीओ अमित कुमार सिंह, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट राजेंद्र पैंसिया, एडीएम विजय बहादुर आदि अधिकारियों ने मंगलवार को गलियों में घूमकर सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। अधिकारियों ने रमईपट्टी्, मिशन कंपाउंड, संगमोहाल, छोटा मिर्जापुर, सुरेकापुरम, बथुआ मुहल्लों का निरीक्षण किया। छोटा मिर्जापुर में मंडलायुक्त ने मैनहोल पर टूटे ढक्कन देख कर नगर पालिका के अधिकारी से उसे बदलने को कहा। तालाबों के सुंदरीकरण का प्रोजेक्ट बनाने को कहा।
सोनकर बस्ती के निवासियों ने मंडलायुक्त से पेयजल की समस्या और नाली के टूटी होने की शिकायत की। कमिश्नर ने मिनी ट्यूबवेल लगाने और नाली की टूटी पटिया बदलने के लिए अफसरों से कहा। एक कुएं के पास बकरियां बांधी देख नोटिस देने को कहा। लोगों ने बताया कि फागिंग नहीं कराई जा रही है। इमरती चौराहे पर सोडियम लाइट को दुरुस्त कराने को कहा। सबरी वार्ड के कर्मचारी को पुरस्कृत करने की घोषणा की। राजकीय गांधी उद्यान पार्क के बगल में कूड़ा सेंटर गए और उसकी सफाई देख कर शाबाश कहा।