हलिया बाजार में मटका फोड़ प्रतियोगिता के दौरान उमड़े दर्शक।-सोशल संवाद।
हलिया। माता चौरा धाम के सामने रविवार को जन्माष्टमी के तीसरे दिन मटकी फोड़ प्रतियोगिता और वृंदावन के कलाकारों के नृत्य का भव्य आयोजन हुआ। श्रीकृष्ण जन्मोत्सव की झांकी, भजन-कीर्तन और नृत्य ने श्रद्धालुओं को देर तक बांधे रखा।
मटकी फोड़ प्रतियोगिता में पांच युवाओं की टोलियों ने हिस्सा लिया। युवाओं ने एक-दूसरे के कंधों पर चढ़कर पांच पिरामिड बनाए और 20 फीट ऊंचाई पर टंगी मटकी फोड़ दी।
मटकी फूटते ही पूरा पंडाल जय श्रीकृष्ण और राधे-राधे के जयकारों से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने तालियां बजाकर खुशी जताई।
कार्यक्रम में वृंदावन के कलाकार पवित्र, आंसू और टिंकू राज ने नृत्य प्रस्तुत किया। संरक्षक लालबहादुर पाल, विनोद कन्नौजिया, बृहस्पति अग्रहरि व रमेश रहे। संचालन संतोष अग्रहरि ने किया। अध्यक्ष कन्हैयालाल, रामेश्वर अग्रहरि समेत अन्य लोगों ने सहयोग किया।
ग्राम प्रधान शिव बाबू सेठ, लालबहादुर पाल, ताराचंद्र अग्रहरि और थाना प्रभारी राजीव श्रीवास्तव की देखरेख में आयोजन शांतिपूर्ण संपन्न हुआ।