मिर्जापुर। राज्य निर्वाचन आयोग की अधिसूचना के क्रम में मिर्जापुर में त्रिस्तरीय पंचायतों की निर्वाचक नामावली के तहत वृहद पुनरीक्षण कार्यक्रम चलाया जाएगा। जिला मजिस्ट्रेट व जिला निर्वाचन अधिकारी सुशील कुमार पटेल ने इसके लिए संशोधित कार्यक्रम शनिवार को जारी कर दिया।
संशोधित कार्यक्रम के अनुसार 13 नवंबर से 26 दिसंबर तक ड्राफ्ट नामावलियों की कंप्यूटरीकृत पांडुलिपि तैयार की जाएगी। उसके बाद ड्राफ्ट मतदाता सूची का प्रकाशन 27 दिसंबर तक होगा। ड्राफ्ट के रूप में प्रकाशित निर्वाचक नामावली का निरीक्षण 28 दिसंबर से तीन जनवरी तक, दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करना 28 दिसंबर से तीन जनवरी तक होगा। इसमें एक जनवरी 2021 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले सभी निर्वाचकों के भी दावे स्वीकार किए जाएंगे। इसके बाद दावे एवं आपत्तियों का निस्तारण चार से 11 जनवरी तक तथा दावे और आपत्तियों के निस्तारण के बाद पूरक सूचियों की पांडुलिपियों की तैयारी की जाएगी। उन्हें मूल सूची में यथा स्थान समाहित करने की कार्रवाई 12 से 21 जनवरी तक होगी। निर्वाचक नामावलियों का जन सामान्य के लिए अंतिम प्रकाशन 22 जनवरी को किया जाएगा।