जमालपुर थाना क्षेत्र के औरइया गांव में बृहस्पतिवार की शाम ट्रैक्टर-ट्राली पलट जाने से चालक किसान गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से परिजन घायल को उपचार के लिए अस्पताल ले गए। जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
क्षेत्र के औरइया गांव निवासी पप्पू पटेल (55) पुत्र बिरजू पटेल अपनी ट्रैक्टर-ट्राली से भूसा लादकर घर ला रहे थे। औरइयां गांव के पास गैस एजेंसी के गोदाम के समीप ट्रैक्टर ट्राली को जोड़ने वाला बैंड टूट जाने से ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर नहर में चला गया। इससे पप्पू ट्रैैक्टर के नीचे आ गए। ट्रैक्टर ट्राली पलटने की सूचना पर लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। बड़ी मशक्कत के बाद किसान को बाहर निकाला गया। इसके बाद परिजन ग्रामीणों की मदद से उन्हें नारायनपुर स्थित निजी चिकित्सालय इलाज कराने के लिए ले गए। जहां चिकित्सक ने पप्पू को मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक दो भाइयों में बड़ा था। किसान की पत्नी की मौत पूर्व में सड़क दुर्घटना में हो चुकी है। पप्पू से दो पुत्र मोनू और अंकुर एवं एक पुत्री हैं। पुत्री एवं पुत्रों का विवाह हो गया है। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।