19 दिन से लापता मनीष का अब तक नहीं चल सका है पता
संवाद न्यूज एजेंसी
मिर्जापुर। पहाड़ी ब्लॉक के चौहान पट्टी गांव निवासी मर्चेंट नेवी अफसर मनीष कुमार द्विवेदी के लापता हुए 19 दिन बीत गए। परिजनों को मनीष के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल सकी है। सोशल मीडिया पर मनीष का पता चलने को लेकर फर्जी सूचना वायरल हो रही है। मंगलवार के पूरे दिन मनीष के मिलने की सूचना वायरल होती रही। परिजनों से संपर्क करने पर पता चला कि मनीष के बारे में अभी कोई नई जानकारी नहीं मिली है।
अमेरिका के पेनसिलवेनिया बंदरगाह से माॅल जाने के बाद से लापता मर्चेंट नेवी का आफिसर मनीष द्विवेदी सात मई से लापता है। मनीष के पिता संतोष कुमार दुबे लगातार अधिकारियों, मंत्रालय तथा जनप्रतिनिधियों के चक्कर लगा रहे हैं। परिवार ने जिले की सांसद एवं केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल से लेकर मुख्यमंत्री तक गुहार लगाई, लेकिन अब तक मनीष के संबंध में कोई ठोस जानकारी नहीं मिल सकी है। मंगलवार को सोशल मीडिया पर मनीष का पता चलने के बारे में सूचना वायरल होती रही। मामले में मनीष के पिता संतोष ने बताया कि शिप कंपनी ने जो पहले जानकारी दी है। उसके बाद कोई नई जानकारी नहीं मिली है। न मनीष से बात बहुई है न ही उसके बारे में कुछ पता ही चला है। उसके मिलने की फर्जी सूचना वायरल हो रही है।