मिर्जापुर। केबी पीजी कालेज में सोमवार को विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावली का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम का शुभारम्भ किया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि जितनी अच्छी व शुद्ध वोटर लिस्ट रहेगी, उतने ही शांतिपूर्ण ढंग से निष्पक्ष चुनाव संपन्न कराया जा सकता है।
जिलाधिकारी प्रवीण कुमार लक्षकार ने कहा कि इसके लिए गॉव में मतदाता सूची में नाम जोड़ने, मृत व्यक्ति के साथ बाहर रहने वालों का नाम सूची से हटाने के कार्य बीएलओ जितनी ही निष्पक्षता व और पारदर्शिता से बीएलओ करेंगी, उतनी ही शुद्ध व त्रुटि रहित मतदाता सूची तैयार होगी। बोले जिन छात्र एवं छात्राओं की उम्र एक जनवरी 2022 को 18 वर्ष पूर्ण हो रही हो या पूर्ण हो चुकी हो, उनका नाम सूची में जोड़ा जाए। ताकि वो मतदान के महाउत्सव में शामिल होने का गौरव प्राप्त करें। जिलाधिकारी ने सभी से मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की। अपर अधिकारी शिव प्रताप शुक्ल ने बताया कि मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए सोमवार से 30 नवंबर 2021 तक अभियान जारी रहेगा। इसके बाद मतदाता सूची में नाम शामिल नहीं हो सकेगा। उप जिलाधिकारी सदर चंद्रभानु सिंह ने महाविद्यालय के शिक्षक एवं कर्मचारियों तथा परिसर में मौजूद छात्र छात्राओं को वोट के अधिकार का संदेश दिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य डॉ अशोक कुमार सिंह व संचालन डॉ ऋचा शुक्ला ने किया। प्रीति यादव, एंजल सोनी, मुस्कान बनो, खुशी सोनी को मतदाता सूची पुनरीक्षण का प्रारूप भरवाकर शुभारंभ किया।