मिर्जापुर। नगर पालिका परिषद मिर्जापुर के नवागत अधिशासी अधिकारी अंगद गुप्ता ने बृहस्पतिवार को पहले दिन वार्डों का दौरा किया। उन्होंने संकटमोचन, तरकापुर, फतहा, घुरहपट्टी, गणेशगंज और स्टेशन वार्डों का औचक निरीक्षण किया।
अधिशासी अधिकारी ने सफाई नायकों को वार्डों की सफाई व्यवस्था को और दुरुस्त करने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान मुकेरी बाजार स्थित श्यामा प्रसाद मुखर्जी पार्क में गंदगी मिलने पर अधिशासी अधिकारी ने नाराजगी जताई। उन्होंने श्यामा प्रसाद मुखर्जी की पुण्यतिथि और अन्य कार्यक्रमों को देखते हुए स्वयं ही खड़े होकर पूरे पार्क की सफाई करवाई। अधिशासी अधिकारी ने सफाई नायक को हिदायत देते हुए पार्क एवं मुकेरी बाजार में विशेष सफाई रखने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान अधिशासी अधिकारी ने वार्डों में जो भी कमियां मिलीं उनको लेकर सफाई नायकों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिया। शासन द्वारा चलाये जा रहे नालों की सफाई अभियान के तहत अधिशासी अधिकारी एवं मुख्य सफाई निरीक्षक के साथ बरौंधा कचार पहुंचकर नालों की जेसीबी से सफाई भी करवाई। अधिशासी अधिकारी ने कहा कि नगर की सफाई व्यवस्था से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। सफ़ाई व्यवस्था में लापरवाही करने वाले कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई भी की जाएगी। इस मौके पर मुख्य सफाई निरीक्षक मनोज सेठ सहित अन्य मौजूद रहे।