चुनार। नगर पालिका कार्यालय में सोमवार को अधिशासी अधिकारी के कक्ष के दरवाजे का शीशा एक सभासद के पति ने तोड़ दिया। नपाध्यक्ष व पुलिस के समझाने बुझाने पर मामला शांत हुआ।
पालिका की सीमा अंतर्गत दरगाह शरीफ मुहल्ले के दुर्गाजी मोड़ पर स्थित बंजर भूमि पर अनाधिकृत रूप से किये जा रहे निर्माण को पालिका प्रशासन द्वारा न रोके जाने के विरोध में शनिवार से नगर पालिका परिसर में सभासद धरने पर बैठे थे। सोमवार को सभासद के समर्थन में पहुंचे चकईपुर मोहाना की सभासद पूजा सिंह के पति अंकित सिंह ने अधिशासी अधिकारी के कक्ष में लगे दरवाजे के शीशे को तोड़ दिया। सूचना पर पालिकाध्यक्ष के साथ ही पुलिस भी मौके पर पहुंची। पालिकाध्यक्ष के समझाने बुझाने व मांग पूरी किये जाने के लिखित आश्वासन के बाद पालिकाध्यक्ष मंसूर अहमद ने सभासद मुनीब चौहान को पानी पिलाकर धरने को समाप्त कराया।