विभिन्न विकास खंडों में बृहस्पतिवार को बाजे के साथ स्कूल चलो अभियान के तहत बच्चों ने रैली निकाली। बैनर, पोस्टर व तख्तियां लिए बच्चों गांवों का भ्रमण कर लोगों को बेटियों को स्कूल भेजने के लिए जागरूक किया।
जमालपुर, ओड़ी गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय से बैंड बाजे के साथ न्याय पंचायत स्तरीय स्कूल चलो रैली निकाली गयी। रैली में गोगहरा, ओड़ी, लौंदापर, मचखानी, घसरौड़ी, कंपोजिट विद्यालय हसौली, करजी, जवाहर लाल नेहरू विद्यालय घसरौड़ी, उच्च माध्यमिक विद्यालय एवं कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय ओड़ी के विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। रैली पूरे गांव का भ्रमण करते हुए स्कूल परिसर पहुंचकर समाप्त हुई। रैली में शामिल बच्चे बहुत हुआ अब चूल्हा-चौका, लड़कियों को दो अब पढ़ने का मौका आदि नारे लगा रहे थे। इस मौके पर सुभाष चंद्र सिंह, सुधीर सिंह, कमलकांत राय, गौरव सिंह, विजय तिवारी, प्रियंका सिंह, गुरुचरन सिंह, रामानंद सिंह, मंजूलता देवी, ममता देवी, सरोजा देवी, राजेश, सिद्धेश्वर नाथ त्रिपाठी आदि शिक्षक मौजूद रहे।
कछवां के उच्च प्राथमिक विद्यालय बधवा में प्रधानाध्यापक श्रीकांत पाठक ने स्कूल चलो अभियान का शुभारंभ करते हुए अभिभावकों से बच्चों का विद्यालयों में नाम लिखवाने पर जोर दिया। स्कूलों की बेहतरी े के लिए सरकार की तरफ से किए जा रहे प्रयास के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कायाकल्प योजना के तहत पहले की अपेक्षा अब स्कूलों की दशा में अभूतपूर्व बदलाव हुआ है। इस दौरान अच्छे अंक हासिल करने वाले विद्यार्थियों व शिक्षण कार्य में बेहतर भूमिका निभाने वाले प्रधानाध्यापकों, शिक्षकों व विद्यालय प्रबंध समिति अध्यक्षों को सम्मानित भी किया गया। इस दौरान सहायक अध्यापक सोमारू राम, अजय मौर्य, संजय यादव, अनुदेशक धर्मजीत, अनिल कुमार आदि मौजूद रहे। हलिया क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय सिकटा के विद्यार्थियों ने स्कूल चलो अभियान के तहत रैली निकालकर लोगों को बच्चों का विद्यालयों में नामांकन के लिए जागरूक किया। रैली में शामिल बच्चों ने विभिन्न बस्तियों का भ्रमण किया। इस दौरान प्रभारी प्रधानाध्यापक रमेश तिवारी, अनीता देवी, मथुरा आदि मौजूद रहे।