मिर्जापुर। फतहां स्थित विद्युत विभाग के मुख्य अभियंता वितरण के कार्यालय पर मंगलवार को विद्युत संविदा कर्मियों ने मौन रहकर व काली पट्टी और काला मास्क लगाकर विरोध प्रदर्शन किया।
विद्युत मजदूर संगठन उत्तर प्रदेश व विद्युत संविदा मजदूर संगठन के आह्वान पर आयोजित प्रदर्शन में इलेक्ट्रिसिटी अमेंडमेंट बिल 2020 के मसौदे का विरोध किया गया। वक्ताओं का कहना था कि यह अब तक का अनुभव है कि निजीकरण से आम जनता को महंगी दर पर बिजली मिलेगी और युवाओं के नौकरी के अवसर कम होंगे। वक्ताओं ने आरोप लगाया कि इस संशोधन से मजदूरों के हक का हनन होगा और उनका शोषण बढ़ेगा। संविदा कर्मचारी कोरोना कहर के बाद भी बिजली व्यवस्था को सुचारू रूप से चला रहे हैं। इसके बाद भी उनको वाजिब वेतन नहीं मिल पा रहा है। इसके बाद प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री को संबोधित नौ सूत्री मांगपत्र मुख्य अभियंता को सौंपा गया। इस अवसर पर अब्दुल मन्नान, सैयद सरफराज अली, श्याम नारायण यादव, सत्यनारायण गुप्ता, सोहन मौर्य, रामविलास, रामजीत मिश्रा, अभिजीत भट्टाचार्य, अतुल कुमार दुबे, दिलीप कुमार गुप्ता आदि थे।