मिर्जापुर। जिले की चारों तहसीलों में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। सदर तहसील में जिलाधिकारी ने लोगों की समस्याओं की सुनवाई की। इस दौरान जिलाधिकारी ने कोन निवासी विमल जायसवाल की शिकायत पर गलत नाम चढ़ाने पर संंबंधित लेखपाल को कड़ी फटकार लगाई। सदर तहसील में 243 मामले आए। इनमें से 15 का मौके पर निस्तारण किया गया। अन्य शिकायतों के निस्तारण के लिए 15 टीमें गठित की गईं।
मझवां विकास खंड के भैंसा निवासी धन्नू पासी ने गुहार लगाई कि उनके बस्ती के बाहर आवागमन के लिए कोई रास्ता नही है। जिलाधिकारी ने खंड विकास अधिकारी को जरूरी कदम उठाने का निर्देश दिया। इसी प्रकार जिगना के चेहरा गांव निवासी राम सहारे सरोज ने चक रोड पर अवैध कब्जा कर भवन निर्माण कराने के संबंध में शिकायत की। इस पर तहसीलदार सदर को निरीक्षण कर कब्जा हटवाने का निर्देश दिया गया। इस दौरान एसपी अभिनंदन, सीडीओ श्रीलक्ष्मी वीएस, एसडीएम सदर आशाराम वर्मा आदि मौजूद थे। उधर, जिले की अन्य तीनों तहसीलों मड़िहान, लालगंज व चुनार में कुल 317 मामले आए। इनमें से मौके पर मात्र छह का निस्तारण हो सका। मड़िहान तहसील के अटारी गांव निवासी बेचन ने पिता की मौत के बाद वरासत दर्ज कराने की मांग की। एडीएम भू-राजस्व सत्यप्रकाश सिंह ने नायब तहसीलदार को जांच कर जरूरी कदम उठाने का निर्देश दिया। यहां कुल 72 शिकायतें आईं। इनमें से मौके पर दो मामलों का निस्तारण किया गया। शेष प्रार्थना पत्रों को गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को दे दिया गया।
चुनार तहसील में एडीएम नमामि गंगे देवेन्द्र प्रताप सिंह ने लोगों की शिकायतों की सुनवाई की। इस दौरान राजस्व निरीक्षक व लेखपाल के खिलाफ ज्यादा शिकायतें आईं। बहरामगंज निवासी जितेंद्र श्रीवास्तव ने प्रार्थना पत्र देकर गलत नापी कराए जाने की शिकायत की। नगर पालिका के वार्ड संख्या 20 बहरामगंज की सभासद बिट्टो देवी ने शिकायती पत्र देकर कहा कि बीते 15 जुलाई को जिलाधिकारी को वार्ड के सुजायतपुर में छह बीघा बंजर भूमि को सीमांकन कर अतिक्रमण मुक्त कराए जाने के लिए दिए गए प्रार्थना पत्र पर अब तक कोई कदम नहीं उठाया गया।
आरोप लगाते हुए सभासद ने कहा है कि राजस्व निरीक्षक द्वारा शिकायतकर्ता के मकान को ही बुलडोजर से गिरवाने की धमकी दी जा रही है। इस दौरान कुल 57 प्रार्थना पत्र आए। इनमें से मौके पर चार का निस्तारण हुआ। लालगंज तहसील में एडीएम वित्त एवं राजस्व शिव प्रताप शुक्ला ने लोगों की शिकायतों की सुनवाई की। इस दौरान कुल 188 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। इनमें से मौके पर एक का भी निस्तारण नहीं हुआ। गगहरा निवासी बरसाती ने प्रार्थना पत्र देकर बताया कि घर से बिजली का खंभा सटा हुआ है। बिजली का खंभा उन्हें घर से दूर कराने की मांग की। शीला देवी निवासी भटपुरवा ने शिकायत की कि धनावल गांव निवासी एक व्यक्ति ने बोई गई सब्जी पर दवा छिड़ककर उसे सुखवा दिया। मना करने पर जानमाल के नुकसान की धमकी दे रहा है।