लालगंज। जिले की चारों तहसीलों पर शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने लालगंज में सुनवाई की। यहां राशन कार्ड में गड़बड़ियों की बड़े पैमाने पर शिकायतें आईं।
इस पर डीएम ने लालगंज और हलिया के आपूर्ति निरीक्षकों को नोटिस जारी करने और जिला आपूर्ति अधिकारी को तत्काल गड़बड़ियां दूर करने के निर्देश दिए। चारों तहसीलों में 477 शिकायतें आईं, जिनमें से 38 का मौके पर निपटारा किया गया।
सदर तहसील में एसडीएम गुलाबचंद्र ने सुनवाई की। सिटी ब्लॉक के रानीबारी निवासी तूफानी ने बताया कि वे एक वर्ष से दौड़ रहे हैं लेकिन अभी तक वरासत नहीं हो सकी। यहां 118 मामले आए, जिनमेंं से 11 का निस्तारण किया गया। सीओ सदर अमर बहादुर, तहसीलदार हेमंत कुमार व अन्य थे।
लालगंज : जिलाधिकारी ने नौगवां गांव में बीडीओ को अंत्येष्टि स्थल के निर्माण में बाधा डालने वाले लल्लू के खिलाफ कार्रवाई करने का निर्देश दिया। अधिवक्ताओं के ने सिविल कोर्ट के लिए जमीन उपलब्ध कराने की मांग । इस पर डीएम ने तहसील में जल जीवन मिशन के तहत दो टंकियां लगवाकर जलापूर्ति की व्यवस्था करने का निर्देश दिया। पटेहरा के कस्तूरबा बालिका विद्यालय में पेयजल संकट का मामला उठाया गया।
इस दौरान एसएसपी सोमेन वर्मा, सीडीओ विशाल कुमार, एसडीएम युगांतर त्रिपाठी, तहसीलदार तरुण प्रताप सिंह, नायब तहसीलदार राहुल मिश्रा, बीडीओ शैलेंद्र सिंह, डीपीआरओ संतोष श्रीवास्तव, बीएसए अनिल आदि मौजूद थे।
चुनार तहसील में एडीएम शिव प्रताप शुक्ल ने शिकायतें सुनीं। यहां ग्राम पंचायत हांसापुर के नैठी पचवा निवासी संतोष कुमार ने प्रार्थना पत्र देकर बताया कि उनकी मां की मृत्यु 18 अक्टूबर 2024 को हुई थी, लेकिन ग्राम पंचायत अधिकारी मृत्यु प्रमाण पत्र जारी नहीं कर रहे हैं।
नरायनपुर ब्लॉक के अल्हुआ गांव निवासी संतोष कुमार ने सचिव पर अपात्रों को पीएम आवास आवंटित करने का आरोप लगाया। यहां 77 प्रार्थना पत्र आए, जिनमें से चार का निस्तारण हुआ।
इस दौरान एसडीएम राजेश कुमार वर्मा, तहसीलदार योगेंद्र शरण शाह, नायब तहसीलदार संजय सिंह, गरिमा, कल्पना, पुलिस उपाधीक्षक मंजरी राव सहित अन्य विभागों के अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहे।