कलेक्ट्रेट में शौचालय निर्माण में अनियमितता पर कार्रवाई के लिए प्रदर्शन करते ग्रामीण ।
- फोटो : MIRZAPUR
मिर्जापुर। जिला मुख्यालय पर बृहस्पतिवार को हलिया विकास खंड के सहजी ग्राम सभा के ग्रामीणों ने आवास व शौचालय में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया। गामीणों ने ग्राम सभा के कार्यों की जांच कराकर कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों का आरोप था कि ग्राम सभा में बने शौचालय व आवास में बड़े पैमाने पर अनियमितता की गई है। आरोप लगाया गया कि पूर्व प्रधान व ग्राम सचिव ने बड़े पैमाने पर वित्तीय अनियमितता की है। आरोप लगाया कि 257 शौचालयों में से 93 शौचालय नहीं बनवाये गए हैं। साथ ही बनने वाले शौचालय में पति-पत्नी के साथ नाबालिग बच्चों तथा एक ही परिवार के कई तथा छह-छह सदस्यों तथा मृतकों के नाम पर भी शौचालय का आवंटन कर दिया गया है। कहा गया कि जो भी शौचालय बने हैं वह भी अधूरे और इस्तेमाल के लायक नहीं हैं। सार्वजनिक शौचालय भी अपूर्ण है। सीसी रोड का निर्माण नहीं हुआ है। मांग की गई कि इन सभी कार्यों की जांच करायी जाए और दोषी को कठोर दंड दिया जाए। इस अवसर पर शिवनारायण, अरविंद त्रिपाठी, गुड़िया, जलेबिया, सुनीता, मांगीलाल, लालजी, संगीता, राजेश त्रिपाठी आदि थे।