राष्ट्रीय पंचायती राज ग्राम प्रधान संगठन के जिलाध्यक्ष ने शुक्रवार को जिला श्रम अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर श्रमिकों को ई - श्रम कार्ड दिलाए जाने की मांग की। ताकि श्रमिकों को सरकार की ओर से चलाई जा रही योजनाओं को लाभ मिल सके।
ज्ञापन में राष्ट्रीय पंचायती राज ग्राम प्रधान संगठन के जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर यादव व चंदू ने आरोप लगाया है कि श्रम विभाग के कर्मचारी एवं एनजीओ के माध्यम से ग्राम पंचायतों में श्रम कार्ड व ई श्रम कार्ड बनाने के नाम पर सौ से दो सौ रुपये वसूल किए जा रहे हैं। इसके बावजूद दो माह बीत गए और आवेदकों को श्रम कार्ड नहीं दिए गए हैं। उन्होंने कहा कोन विकास खंड के दलापट्टी, गड़गेड़ी, धौरहरा, चंदेल डड़िया, गोर्बदहा, मदनपट्टी व करेरुआ आदि गांवों में मजदूरों को अभी तक श्रम कार्ड वितरित नहीं किया गया है। ग्राम प्रधान संगठन के जिलाध्यक्ष ने जिला श्रम अधिकारी से सभी ग्राम पंचायतों में श्रमिकों को श्रम कार्ड उपलब्ध कराए जाने की मांग की है। ताकि सरकार की ओर चलाई जा रही योजनाओं को लाभ श्रमिकों को मिल सके। पत्रक सौंपने वालों में जंगबहादुर यादव, राजेश यादव, रामजी व धर्मेंद्र यादव आदि शामिल रहे।