मिर्जापुर। पुलिस उप महानिरीक्षक विंध्याचल परिक्षेत्र रामकृष्ण भारद्वाज ने शुक्रवार को सर्किल दुद्धी के अंतर्गत थाना दुद्धी, विंढमगंज, बभनी, बीजपुर, म्योरपुर के लंबित विवेचनाओं की समीक्षा की। पाया कि दुद्धी सर्किल की विवेचनाओं की स्थिति संतोषजनक नहीं है। लंबित विवेचनाओं का सम्यक ज्ञान न ही क्षेत्राधिकारी का है, न ही थाना प्रभारी को।
केस डायरी का विवरण विलंब से क्षेत्राधिकारी कार्यालय में भेजा जा रहा है। इस संबंध में निर्देशित किया कि अर्दली रूम के समय सीसीटीएनएस के माध्यम से लंबित विवेचनाओं की समीक्षा करें। समीक्षा में यह भी सामने आया कि विगत वर्ष की तुलना में गैंगेस्टर एवं गुंडा एक्ट की कार्रवाई संतोषजनक नहीं है। बीट सूचना दर्ज कराकर अवलोकन करें कि कार्रवाई की है कि नहीं। भूमि विवाद से संबंधित प्रकरणों को थाना दिवस रजिस्टर में अंकित कराकर राजस्व विभाग की टीम के साथ समन्वय स्थापित कर समाधान किया जाए। विवेचनाओं का पर्यवेक्षण किया गया। जिसमें महिला संबंधित अपराधों, एससीएसटी, माफिया तथा थाने व जनपद के टॉप -10 अपराधियों के विरुद्ध गुंडा, गैंगस्टर जैस अपराधियों का जमानत निरस्तीकरण कराते हुए त्वरित कार्रवाई व कठोरतम कार्रवाई करने के लिए पुलिस अधीक्षक को निर्देशित किया गया।