चुनार/लालगंज। चुनार थाना क्षेत्र के गांगपुर गंगा घाट पर नाव पलटने से डूबे किशोर का शव 24 घंटे बाद शुक्रवार को 20 मीटर दूर मिला।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, लालगंज के टांडा फॉल में डूबे युवक की तलाश शाम तक की गई लेकिन उसका पता नहीं चल सका। चुनार थाना क्षेत्र के गांगपुर गांव से अजय कुमार (17) अपने पांच साथियों के साथ बृहस्पतिवार की रात साढ़े आठ बजे छोटी नाव पर बैठकर वाराणसी जाने के लिए निकला था।
बीच धारा में नाव पहुंची तो उसमें छेद होने के वजह से पानी भर गया। नाव तेजी से डगमगाने पर अजय कुमार गंगा में गिर गया था। इसी बीच नाव पलट कर गंगा में समा गई थे। उस पर सवार पांच लोग किसी तरह बाहर बचकर बाहर आ गए थे लेकिन अजय का पता नहीं चल सका।
गोताखोरों ने शुक्रवार की देर शाम को घटनास्थल से 20 मीटर आगे उसका शव बरामद किया। थानाध्यक्ष रविंद्र भूषण मौर्या ने बताया कि डूबे किशोर का शव मिल गया है।
वहीं, भदोही जिले के गोपीगंज थाना क्षेत्र के मिश्रानी सरई गांव निवासी अजय कुमार बिंद (28) शुक्रवार को दोस्तों के साथ टांडा फॉल घूमने आया था। सभी ने झरने के किनारे बैठकर भोजन किया।
भोजन के बाद अजय हाथ धोने के लिए पानी के पास गया। इसी दौरान उसका पैर फिसलने से वह झरने के गहरे जल में चला गया। पानी में जाने से वह डूब गया।
पुलिस गोताखोरों की मदद से शनिवार की शाम तक तलाश में लगी रही, लेकिन उसका पता नहीं चल सका। थानाध्यक्ष संजय कुमार सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण कर गोताखोरों को मौके पर बुलाया। खोजबीन की गई, पर शनिवार की शाम तक पता नहीं चल सका।