मिर्जापुर। कछवां थाना क्षेत्र के जमुआ बाजार निवासी गनेश गौड़ और उनकी पत्नी आंचल गौड़ को बुधवार की सुबह राजातालाब थाना क्षेत्र के बीरभानपुर स्थित हनुमान मंदिर के पास कार ने टक्कर मार दिया। हादसे में पत्नी आंचल की मौत हो गई। पति घायल हो गया।
जमुआ बाजार निवासी गनेश गौड़ मंगलवार को वाराणसी के रोहनिया स्थित श्रेयांश हॉस्पिटल में भर्ती बीमार मां बदामा देवी के लिए खाना लेकर पत्नी के साथ गए थे। जहां पर भर्ती बीमार मां की देख रेख करने के लिए रात में रुक गये। बुधवार की सुबह बाइक से पत्नी को लेकर घर लौट रहे थे।
राजातालाब थाना क्षेत्र के बीरभानपुर स्थित हनुमान मंदिर के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग पर तेज रफ्तार चार पहिया वाहन ने पीछे से टक्कर मार दिया। इससे बाइक सवार दंपती हाईवे के किनारे लगे रेलिंग से टकराकर घायल हो गए।
घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची राजातालाब पुलिस ने गंभीर रूप से घायल दंपती को निजी अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया। जहां पर चिकित्सकों ने पत्नी आंचल गौड़ को मृत घोषित कर दिया।
पति गनेश गौड़ के सिर में गंभीर चोट लगने के कारण हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने बीएचयू स्थित ट्रॉमा सेंटर के लिए रेफर कर दिया। घटना के बाद घटनास्थल से चार पहिया चालक वाहन लेकर फरार हो गया।
मृतका आंचल गोंड़ अपने घर ही पर सौंदर्य प्रसाधन की दुकान चलाती थी। जिसको दो पुत्र है। राजातालाब पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई होगी।