मिर्जापुर। न्यू पीएचसी बेलन बरौंधा में सोमवार को एंबुलेंसकर्मी ने प्रसूता को अस्पताल के बाहर छोड़कर जाने और कीचड़ में प्रसव के मामले में जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार के आदेश पर सीएमओ डॉ. सीएल वर्मा ने न्यू पीएचसी बरौंधा पहुंचकर जांच पड़ताल किया। सीएमओ ने स्वास्थ्यकर्मियों से पूछताछ की। कोठी खुर्द निवासी अरबी बानो को प्रसव पीड़ा होने पर एंबुलेंसकर्मी 27 अक्तूबर की देर रात बरौंधा पीएचसी लेकर गया। जहां प्रसूता ने कीचड़ में बच्चे को जन्म दिया। मामले से संबंधित वीडियो वायरल हुआ। प्रसूता के पति अतीक अहमद ने वायरल वीडियो में आरोप लगाया कि प्रसूता को लेकर पहुंचे एंबुलेंस कर्मी अस्पताल के गेट पर ही प्रसूता को उतार दिया। पूछने पर कहा कि कीचड़ है अंदर नहीं जाएंगे। प्रसव पीड़ा से कराहती प्रसूता ने कीचड़ में बच्चे को जन्म दिया। अस्पताल में कार्यरत स्टाफ नर्स माया ने बताया कि जानकारी होने पर तुरंत प्रसूता को बेड पर ले जाकर उपचार किया गया। मंगलवार को जच्चा-बच्चा दोनों को छुट्टी दे गई। बुधवार को खबर प्रकाशित होने पर जिलाधिकारी ने मामले को संज्ञान में लिया। जिलाधिकारी ने सीएमओ से जांच कर रिपोर्ट मांगी है। सीएमओ के निरीक्षण में न्यू पीएचसी बरौंधा चिकित्साधिकारी डॉ. रविराज अनुपस्थित रहे। उनसे स्पष्टीकरण मांगा गया है। सीएमओ ने स्टाफ नर्स माया, स्वास्थ्यकर्मियों तथा एंबुलेंस के चालक और ईएमटी से पूछताछ कर मामले की जांच की।
एक वीडियो वायरल हुआ है। इसमें प्रदर्शित हो रहा है कि एक एंबुलेंस पीएचसी पर गर्भवती को लेकर गई थी। अस्पताल के बाहर सड़क किनारे प्रसव की शिकायत मिली है। इस तरह की घटनाएं दुर्भाग्यपूर्ण है। इसकी जांच कराई जा रही है। सीएमओ जांच कर रिपोर्ट देेंगे। जो भी दोषी होगा उस पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
पवन कुमार गंगवार, जिलाधिकारी
प्रसूता का पति बार-बार बदल रहा बयान, एंबुलेंसकर्मी पर दबाव पर बयान लेने का आरोप
मिर्जापुर। प्रसूता का पति अतीक अहमद का आरोप लगाने के बाद दो और बयान वायरल हो रहा है। घटना के बाद उसने बताया कि एंबुलेंस छोड़कर चला गया। बोला कीचड़ है। अंदर नहीं जाएगा। बाहर कीचड़ में ही बच्चे का जन्म हुआ है। आने में एंबुलेंस चालक आधे घंटे के बजाए डेढ़ घंटा लगा दिया। वीडियो वायरल होने और खबर प्रकाशित होने के बाद प्रशासन ने मामले का संज्ञान लिया। सूचना विभाग की ओर से प्रसूता के पति अतीक अहमद का बयान जारी किया गया। इसमें अतीक अहमद का कहना है कि कोई शिकायत नहीं है। 108 नंबर पर फोन करने पर 102 एंबुलेंस आई थी। गाड़ी अस्पताल पहुंची तो अपनी मर्जी से पत्नी को उतारे। अस्पताल के स्टॉफ थोड़ी देर में आए। तब तक प्रसव हो गया। एंबुलेंस कर्मचारी छोड़कर नहीं भागे थे। वहां के स्टॉफ ने वीडियो बनवाया था। तीसरे वीडियो में प्रसूता के पति अतीक अहमद ने बताया कि बुधवार को एंबुलेंस चालक विनोद यादव के साथ दो लोग घर आए थे। कहा कि मेरी नौकरी चली जाएगी। उन्होंने मुझे फिर से बयान देने के लिए कहा। अतीक अहमद ने बताया कि मैंने दबाव में आकर बयान बदल दिया था। एंबुलेंस कर्मी उसे हाईवे पर छोड़कर चले गए थे। एंबुलेंस कर्मी जो बयान ले कर गए है। वो अपने मन से नहीं दिए है। 102 एंबुलेंस सेवा के चालक विनोद यादव ने बताया कि बुधवार को कोठी खुर्द गांव में प्रसूता के पति अतीक अहमद का बयान लेने के लिए उनके घर गए थे।