रेलवे कॉलोनी से पकड़े गए इलाहाबाद के तीन बदमाश। इन्हें जेल भेज दिया गया।
जिले के एक व्यापारी को लूटने आ रहे इलाहाबाद के बदमाशों को पुलिस ने रेलवे कालोनी से दबोच लिया। तीनों ट्रेन से आ रहे व्यापारी को लूटने की योजना बना ही रहे थे कि पुलिस के हत्थे चढ़ गए। पुलिस ने उनके कब्जे से तमंचा और कारतूस बरामद किया है। मुकदमा दर्ज कर उन्हें अदालत में पेश किया गया जहां से उन्हें जेल भेजा गया। उक्त जानकारी एसपी अरविंद सेन ने पुलिस लाइन में आयोजित पत्रकारवार्ता में खबरनवीसों को दी।
एसपी ने बताया कि मुखबिर ने सूचना दी थी कि चार युवक ट्रेन से आ रहे एक व्यापारी से बड़ी लूट करने वाले है। जिस पर एएसपी सिटी अशोक शुक्ला व सीओ नगर कुलभूषण ओझा को आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए कहा गया। शुक्रवार की देर रात सूचना मिली पांच बदमाश कटरा कोतवाली क्षेत्र के रेलवे कालोनी स्थित मनोरंजन हाल के पास लूट की योजना बना रहे है। पुलिस ने घेराबंदी की तो दो बदमाश पुलिस को देखकर भाग निकले जबकि तीन बदमाशों को पुलिस ने दबोच लिया। तलाशी में उनके पास से 315 बोर का एक तमंचा व कारतूस मिला।
गिरफ्तार आरोपियों में रानू पुत्र अलगू, अरूण कुमार पटेल पुत्र भैयाराम पटेल, सुनील कुमार पांडेय पुत्र विनोद पांडेय निवासी बनकेशर थाना थरवई जनपद इलाहाबाद है। आरोपियों ने बताया कि उनके साथी ऋषु पांडेय ने उसे असलहा के साथ मिर्जापुर एक व्यापारी को लूटने के लिए बुलाया था। व्यापारी को वह लोग नहीं जानते उसको वहीं पहचानता है। ऋशु से वह लोग सोनभद्र जनपद के व्यापार मेला में मिले थे।