जहानाबाद से गोवंश को बिहार ले जा रहे वाहन को पकड़ने का प्रयास करते समय पशु तस्करों ने पुलिस के दो वाहनों पर ही गाड़ी चढ़ाने का प्रयास किया। हालांकि चालकाें की सतर्कता के चलते कोई हादसा नहीं हो सका। पुलिस ने तस्करों की हरकत देखते हुए थाने में सामने सड़क पर वाहन खड़ा कर ट्रक को पकड़ लिया। पकड़े गए ट्रक में सवार पांच पशु तस्कराें को गिरफ़्तार करते हुए कंटेनर से 40 पशुओं को बरामद किया।
मिर्जापुर इलाहाबाद मार्ग पर मंगलवार की शाम सात बजे जिगना उप निरीक्षक नन्हें राम सरोज फोर्स के साथ पाली चौराहे पर वाहन चेकिंग कर रहे थे। इलाहाबाद की ओर से आ रहा एक कंटेनर देखकर रुकने का इशारा किया तो चालक गाड़ी रोकने की बजाय लेकर भागने लगा। पुलिस को पीछा करते देख पशु तस्करों ने उन्हें रास्ते से हटाने के लिए उनकी दोनों गाड़ियों पर ट्रक चढ़ाने का प्रयास किया लेकिन चालक की सतर्कता के चलते हादसा नहीं हुआ। थानाध्यक्ष ने तत्काल थाने की पुलिस को आगे से रास्ता अवरोध कर ट्रक रोकने को कहा।
पुलिस ने तत्काल थाने के पास अन्य गाड़ियों को सड़क पर खड़ा करा कर ट्रक को रोक लिया। पुलिस को आते देख तस्कर गाड़ी से उतर कर भागने लगे। दौड़ा कर पुलिस ने पकड़ लिया। चालक मोहम्मद शाकिर निवासी अहमदपुर अतरौली जिला कौशांबी, मोहम्मद अकरम निवासी दौलतराम की गली रुई मंडी शाहगंज आगरा, नासिर निवासी इटहा थाना पुरा मुफ्ती जिला कौशांबी, बदरुद्दीन उर्फ भूरा निवासी चांदापुर जिला कानुपर देहात, मोहम्मद कल्लू निवासी कुल्ली थाना जहानाबाद जिला फतेहपुर को पकड़ा गया है। कंटेनर में 40 पशु बरामद किए गए। आरोपियों ने बताया कि फतेहपुर के जहानाबाद से पशु लेकर वे बिहार के डेहरी आनसोन जा रहे थे।