देहात कोतवाली क्षेत्र के करनपुर गांव के पास ट्रक -बाइक की टक्कर में महिला सिपाही के पुत्र समेत दो युवकाें की मौत हो गई। हादसे की खबर लगते ही परिवार में कोहराम मच गया। मौके पर पहुंची करनपुर चौकी की पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया। साथ ही शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
इलाहाबाद जनपद के कौशांबी निवासिनी सुनीता यादव पुलिस विभाग में आरक्षी के पद पर तैनात हैं। इन दिनों इनकी तैनाती सोनभद्र में है लेकिन उन्हें मिर्जापुर में अटैच किया गया है। सुनीता यादव का 20 वर्षीय पुत्र अमन यादव व अभियोजन कार्यालय में तैनात फालोवर शिव प्रकाश का 22 वर्षीय पुत्र अजय शर्मा गुरुवार की दोपहर करीब तीन बजे लालगंज की ओर जा रहे थे।
बाइक सवार युवक जैसे ही देहात कोतवाली क्षेत्र के करनपुर पहाड़ी पर पहुंचे कि सामने से आ रहे ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दिया। जानकारी होने पर पहुंची करनपुर चौकी की पुलिस दोनों को आनन फानन में जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया। वहां देखते ही चिकित्सकों ने अमन व अजय को मृत घोषित कर दिया। दोनों के परिवार को पता नहीं था कि वह कहां जाने के निकले थे।
बता दें कि इस मार्ग पर एक माह के भीतर कई सड़क हादसे हो चुके हैं। फिर भी प्रशासन की तरफ से यहां पर हादसों को रोकने के संबंध में कोई सार्थक पहल नहीं की जा सकी है।