नटवा इलाके से रविवार की शाम अपहरण किए गए चार वर्षीय बालक ओम को पुलिस ने 24 घंटे के अंदर देहात कोतवाली क्षेत्र के लंका की पहाड़ी से बरामद करते हुए पांच आरोपियाें को गिरफ्तार कर लिया। इस अपहरण की साजिश श्यामसुंदर बिंद के चाचा व बुआ के पुत्र ने अपने तीन साथियाें के साथ मिल कर रची थी।
सोमवार को पुलिस लाइन में पुलिस अधीक्षक दिनेश चंद्र ने इस अपहरणकांड का खुलासा करते हुए पत्रकाराें को जानकारी दी। एसपी ने बताया कि कटरा कोतवाली क्षेत्र के नटवा मोहल्ला निवासी श्यामसुंदर बिंद के चार वर्षीय बेटे ओम को रविवार की शाम खेलते समय कुछ लोग उठा ले गए थे।
अपहरण के बाद बदमाशाें ने श्यामसुंदर से एक लाख रुपये की फिरौती मांगी थी। एएसपी सिटी अजय सिंह के निर्देशन में सीओ नगर प्रवीण कुमार यादव के नेतृत्व में तीन टीमें बनाई गईं। टीम सुरागरसी में लगी थी तभी भोर तीन बजे बदमाशाें ने पिता को फोन कर पैसा लेकर लंका के पहाड़ी पर आने को कहा।
सूचना मिलते ही टीम पहुंची और घेराबंदी कर ओम को बरामद करते हुए पांचाें को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान पता चला कि घटना की साजिश श्यामसुंदर के चाचा के पुत्र लवकुश निवासी नटवा व बुआ के पुत्र अनिल निवासी नटवा देहात कोतवाली ने अपने तीन साथी नीरज पुत्र कन्हैया मौर्या निवासी लंका की पहाड़ी, महेंद्र सोनकर पुत्र गुडडू निवासी बनैवरा नेवढि़या (जौनपुर) तथा जुगनू बिंद स्व. भरतलाल बिंद निवासी उमरिया लंका की पहाड़ी के साथ रची थी। बालक को घर से उठाने के बाद लवकुश व अनिल ने अपने साथियाें को सौंप दिया था।
जो फोन कर उसके पिता से फिरौती की मांग की। पुलिस ने तीनाें के विरुद्ध अपहरण समेत अन्य मुकदमा दर्ज कर चालान कर दिया। इस दौरान सीओ नगर प्रवीण यादव, कटरा कोतवाल शफीक अहमद, क्राइम ब्रांच के प्रभारी अविनाश सिंह, उपनिरीक्षक विजय प्रताप सिंह, राकेश पांडेय, लक्ष्मीनारायण, राममिलन यादव, मिथलेश पांडेय, फिरोज, अरविंद यादव आदि पुलिस कर्मी मौजूद रहे। एसपी ने टीम को पांच हजार रुपये का इनाम भी दिया।